नई दिल्ली.
बॉलीवुड अभिनेता संजय दत्त को आज सुप्रीम कोर्ट ने जमानत दे दी। सीबीआई ने संजय की जमानत का विरोध नहीं किया। संजय दत्त इन दिनों पुणे की यरवदा जेल में बंद हैं।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी हासिल करने के बाद उनके वकील इस कॉपी को टाडा अदालत में पेश करेंगे। इसके बाद आदेश की कॉपी व्यक्तिगत रूप से पुणो के यरवदा जेल अधिकारियों को सौंपी जाएगी। इस प्रक्रिया में एक से दो दिन का वक्त लग सकता है। इसके बाद ही संजय यरवदा जेल से रिहा हो पाएंगे।
संजय को मुंबई की विशेष टाडा अदालत ने आर्म्स एक्ट के तहत दोषी पाते हुए छह साल कारावास की सजा सुनाई थी। संजय पर यह आरोप साबित हुआ था कि उन्होंने मुंबई ब्लॉस्ट के आरोपियों से एके 56 राइफल हासिल की थी।
इससे पूर्व दीवाली से पहले भी उनके वकीलों ने जमानत पर पहले सुनवाई करने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अर्जी दी थी। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि वह मुंबई ब्लास्ट मामले के अन्य आरोपियों की याचिका के साथ ही संजय की जमानत याचिका पर भी सुनवाई करेगी।
संजय दत्त की जमानत के लिए दाखिल याचिका में उनके साफ और स्वच्छ व्यवहार को आधार बनाया गया है। इसमें कहा गया है कि इस मामले की सुनवाई के दौरान संजय ने आदालत के आदेशों का पूरी तरह पालन किया। जब कभी भी उन्हें अदालत में बुलाया गया वे उपस्थित हुए।
संबंधित खबरें
* संजय की जमानत पर सुनवाई 27 तक टली
* जेल में मनेगी संजय की दीवाली
* संजय दत्त पहुंचे सुप्रीम कोर्ट