जालंधर. पंजाब सरकार चंडीगढ़ से फगवाड़ा तक सिक्स लेन एक्सप्रेस हाइवे बनाने की तैयारी कर रही है। इस हाइवे से चंडीगढ़-फगवाड़ा की दूरी 25 किलोमीटर कम हो जाएगी। मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने सोमवार को मीडिया से बातचीत के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि अकाली-भाजपा सरकार राज्य में मूलभूत ढांचे को मजबूत करने के लिए काम कर रही है।
800 करोड़ का प्रोजेक्ट :
बादल ने बताया कि सात से आठ सौ करोड़ रुपए के इस प्रोजेक्ट का डिजाइन तैयार किया जा रहा है। यह प्रोजेक्ट पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप पर आधारित होगा। उनके साथ मौजूद शिरोमणि अकाली दल के कार्यकारी प्रधान सुखबीर बादल ने कहा कि राज्य में बिजली उत्पादन के क्षेत्र में भी करोड़ों रुपए की इन्वेस्टमेंट हो रही है। बठिंडा और मानसा में दो- दो हजार मेगावाट के दो थर्मल प्लांट लगाए जा रहे हैं, जिसमें बीस हजार करोड़ रुपए की इंवेस्टमेंट होगी। सुखबीर बादल ने कहा कि मोहाली इंटरनेशनल एयरपोर्ट को मंजूरी मिलना बड़ी उपलब्धि है।
स्कूल होंगे साधन संपन्न :
मुख्यमंत्री ने कहा, राज्य में हर स्कूल को साधन संपन्न बनाया जाएगा। स्कूलों में इमारत, शिक्षा के जरूरी साधन और शिक्षकों की कमी को पूरा किया जाएगा। फरीदकोट, अमृतसर और पटियाला में मेडिकल कॉलेजों को अपग्रेड किया जाएगा। बिजली की बढ़ी दरों के बारे में पूछने पर बादल ने कहा, कैबिनेट मीटिंग में इस मुद्दे को हल कर लिया जाएगा।
प्रगति मैदान की तर्ज पर बनेगा सेंटर :
सुखबीर बादल ने कहा, मोहाली के पास दिल्ली के प्रगति मैदान जैसा ही एक सेंटर स्थापित किया जाएगा, जहां राज्य में ट्रेड और इंडस्ट्री से जुड़ी गतिविधियों को बढ़ावा देने के लिए ट्रेड फेयर्स का आयोजन किया जाएगा, इसमें एक कन्वेंशन सेंटर भी स्थापित होगा। राज्य में औद्योगिक क्षेत्र में कोई बड़ी इन्वेस्टमेंट नहीं होने बारे सुखबीर बादल ने गोलमोल जवाब दिया।
सुखबीर ने कहा कि राज्य के मूलभूत ढांचे को मजबूत किया जा रहा है ताकि औद्योगिक विकास के लिए सही माहौल बन सके। उन्होंने यह भी कहा कि बठिंडा में रिफाइनरी राज्य में बड़ा इंडस्ट्रियल प्रोजेक्ट है। राज्य में अकाली-भाजपा सरकार लोगों की बेहतरी के लिए काम कर रही है और कांग्रेस के उनके खिलाफ किए दावों को झूठा साबित कर रही है।