सिडनी: ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर स्टुअर्ट मैकगिल घुटने की चोट के कारण भारत के खिलाफ होने वाली टेस्ट सिरीज मिस कर सकते हैं। श्रीलंका के खिलाफ हाल में खत्म हुई सिरीज में खराब प्रदर्शन के कारण उनकी काफी आलोचना हो रही है। खुद मैकगिल भी संन्यास लेने की बात कह चुके हैं।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के अनुसार मैकगिल को अपना टेस्ट कैरियर लंबा खींचने के लिए घुटने की सर्जरी करानी होगी। इससे ऑसी टीम में स्पिनर के लिए रिक्त स्थान पर चाइनामैन गेंदबाज ब्रेड हॉग का रास्ता लगभग साफ हो गया है। अखबार के अनुसार सर्जरी के बाद मैकगिल घरेलू सत्र शैफिल्ड शिल्ड के आखिरी दौर में ही खेल पाएंगे, जहां वे मार्च में होने वाले पाक दौरे के लिए अपनी दावेदारी पेश करेंगे।
हाल ही में श्रीलंका के खिलाफ संपन्न दो टेस्ट मैचों की सिरीज में मैकगिल का प्रदर्शन बेहद साधारण रहा था। उन्होंने दो टेस्ट मैचों में 326 रन देकर सिर्फ 5 विकेट ही हासिल किए। दूसरी ओर हॉग इस समय जोरदार फार्म में हैं। उन्होंने पश्चिम आस्ट्रेलिया की ओर से खेलते हुए पिछले तीन मैचों में 23.38 के औसत से 13 विकेट हासिल किए हैं।