|
मुंबई. क्रिकेट के मैदान पर चौके-छक्के जमाने के लिए मशहूर महेंद्रसिंह धोनी यदि बॉलीवुड के सुपर स्टार बन जाएं और बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान क्रिकेटर,
तो सभी को आश्चर्य होगा, लेकिन जल्द ही टीवी पर आने वाले विज्ञापन में ऐसा ही नजर आएगा। वीडियोकॉन का यह विज्ञापन पीयूष पांडे की ‘ओ एंड एम’ एजेंसी ने बनाया है और इसके इसी सप्ताह टीवी पर आने की संभावना है।
होम शांति होम : इस विज्ञापन में धोनी को ओम कपूर की भूमिका मिली है, जिसका रोल शाहरुख ने ओम शांति ओम में किया था। उनके सामने शाहरुख होंगे, जो क्रिकेटर का रोल कर रहे हैं। धोनी सुनहरी जैकेट में नजर आएंगे और उनका हेयर स्टाइल भी ओम कपूर जैसा होगा। एड की पंच लाइन ‘होम शांति होम’ रखी गई है। पीयूष पांडे ने बताया कि शाहरुख तो बेहतरीन एक्टर हैं ही, लेकिन धोनी का अभिनय देखकर हम सभी चौंक गए थे। उन्हें विज्ञापन में राजेश खन्ना व कई अन्य पुराने अभिनेताओं का स्टाइल दिखाना था, लेकिन उन्हें जरा भी परेशानी नहीं हुई। वे अच्छे एक्टर भी बन सकते हैं।
माही की तारीफ : शाहरुख ने धोनी की तारीफ करते हुए कहा कि वे हमेशा मुस्कुराते रहते हैं। उनके साथ काम करना नया अनुभव रहा। एड के डायरेक्टर सुमंतो चट्टोपाध्याय ने कहा कि धोनी में गजब का सेंस ऑफ ह्यूमर है, जो स्क्रीन पर भी दिखेगा। इस एड की शूटिंग शाहरुख की बर्थडे से एक दिन पहले दो नवंबर को की गई थी।