Breaking News 
bhaskar Web English


HomeNewsHaryanaPanipat Panipat

5 मरे, 50 घायल

कुरुक्षेत्र/सोनीपत/पानीपत/करनाल. सर्द मौसम के साथ अब हादसों में धीर-धीरे बढ़ोतरी हो रही है। धुंध इन हादसों का कारण बन रही है। मंगलवार की सुबह धुंध के कारण अलग-अलग स्थानों पर हुए हादसों में 5 लोगों की मौत हो गई तथा 50 से अधिक लोग घायल हो गए। धुंध के कारण कई वाहनों की भिड़ंत भी हुई।

सोनीपत में हुए हादसे में जहां 3 लोग मौत का शिकार हुए वहीं 40 से अधिक लोग घायल हो गए। जिले के राई, गोहाना और खरखौदा में ये हादसे हुए। नेशनल हाइवे-1 पर मंगलवार की सुबह कोहरे के कारण अलग-अलग जगहों पर एक दर्जन से अधिक वाहन भिड़ गए।

इनमें सबसे बड़ा हादसा जठेड़ी रोड पर हुआ। जिसमें तीस लोग घायल हो गए। बस बढ़मलिक गांव के सामने पहुंची तो अचानक कोहरे की वजह से सामने से आ रहे ट्रक से भिड़ गई। सभी लोग बीसवां जठेड़ी स्थित एक प्राइवेट फैक्ट्री में नौकरी पर जा रहे थे। धुंध इतनी अधिक थी कि जीटीरोड पर चलने वाले वाहन चालकों को अपने आगे चल रहा वाहन भी दिखाई नहीं दे रहा था।

इसी तरह से हाइवे पर ही देवीलाल पार्क के सामने कोहरे की वजह से करीब एक दर्जन वाहनों की भिड़ंत हुई। दिल्ली-अंबाला मार्ग पर एक ट्रक चालक द्वारा ब्रेक लगा देने से उसके पीछे चल रहे वाहन आपस में भिड़ गए। यातायात सहायता थाना पुलिस ने सभी दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को क्रेन से साइड में कराकर यातायात शुरू कराया।

वहीं इसी मार्ग पर हुए एक अन्य हादसे में एक सेब व्यापारी समेत दो लोगों की मौत हो गई। जम्मू कश्मीर के कोलावाम निवासी अब्दुल रहीम जम्मू कश्मीर से ट्रक में सेब लेकर कुंडली आया हुआ था।

ट्रक को कुंडली छोड़कर किसी काम से वह एथनिक इंडिया के पास आया हुआ था। देर शाम सड़क पार करते समय अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। व्यापारी की मौके पर ही मौत हो गई। राई थाना पुलिस ने मृतक की जेब में मिले पते पर उसके परिजनों को घटना से अवगत कराया।

इसी तरह से बीसवां मिल चौक पर दिल्ली से आ रहे ट्रक चालक ने धुंध की वजह से वाहन से नियंत्रण खो दिया। ट्रक ने पहले ट्रैफिक बूथ को तोड़कर कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। कार में सवार युवक घायल हुए। परिजनों ने घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।

असावरपुर गांव की सीमा में जगदीश पहलवान के अखाड़े के सामने हुए हादसे मे चित्रकूट निवासी रमेश पुत्र नत्थू प्रकाश की मौत हो गई। नत्थू जब अपनी फेक्ट्री से अखाड़े के सामने पहुंचा तो पीछे से तेज गति से आ रही कार ने साइकिल सवार को चपेट में ले लिया। राहगीरों उसे गंभीर अवस्था में सोनीपत के सिविल अस्पताल में लेकर गए। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

खरखौदा मेंं घना कोहरा छाया रहने से झरोट गांव के पास सामान से लदा ट्रक पलट गया। मुस्तैदी के चलते चालक ने बड़ा हादसा होने से बचा लिया। ट्रक सीधे खड्ढे में जा गिरा, जिससे क्लीनर घायल हो गया। उप मंडल गोहाना में पानीपत-रोहतक राष्ट्रीय राजमार्ग नंबर 71 ए पर अलग-अलग हादसों में एक व्यक्ति की मौत हो गई। जबकि दस घायल हो गए। घायलों में से नौ को गंभीर अवस्था में पीजीआई रोहतक रेफर किया गया है।

करनाल की सब्जी लेकर आ रही जीप की गांव मुंडलाना के पास सामने से आ रही सवारी जीप से सीधी टक्कर हो गई। वहीं पानीपत की ओर जा रही एक अन्य गाड़ी ने दोनों जीपों को टक्कर दे मारी। इसी बीच पानीपत की ओर से एक ट्रक आ गया।

उसने भी तीनों वाहनोंे को टक्कर दे मारी। इस हादसे में सब्जी ला रही जीप के चालक प्रवीण पुत्र ज्योतिराम निवासी करनाल की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। एक अन्य घटना में इसी क्षेत्र में पानीपत के गांव कारद निवासी मुलखराज पुत्र रणसिंह धान की फसल ट्रैक्टर-ट्राली में भरकर गोहाना की अनाज मंडी में आ रहा था। रास्ते में गांव चिड़ाना के दो व्यक्ति हरीराम पुत्र निहाल व चांद निवासी बधाना गोहाना आने के लिए ट्रैक्टर पर सवार हो गए। गांव मुंडलाना के पास आने के बाद कोहरा होने के कारण ट्रैक्टर चालक का संतुलन बिगड़ गया। जिसे ट्रैक्टर गड्ढ़ों में जा गिरा। जिसमें तीनों लोग घायल होगए।

करनाल/तरावड़ी। युवक को वाहन ने कुचला, मालगाड़ी की चपेट में आने से छात्र की मौत

करनाल में जीटी रोड पर धुंध के कारण साइकिल सवार कुक को अज्ञात वाहन ने कुचल दिया। जबकि धुंध के बीच बंद फाटक को पार कर रहे आठ वर्षीय छात्र की तरावड़ी फाटक पर मालगाड़ी चपेट में आने से मौत हो गई। ऊंचा समाना गांव निवासी 25 वर्षीय सतीश पुत्र लालाराम सुबह मधुबन पुलिस कांप्लेक्स में अपनी कुक की ड्यूटी पर जा रहा था।

सुबह 5.15 बजे धुंध के बीच करनाल गेट के समक्ष वह साइकिल से जीटी रोड पार कर रहा था कि अचानक तेज गति से दिल्ली की ओर से आ रही मिनी बस ने उसे रौंद दिया। मौके पर ही सतीश की मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक सुबह सड़क पर काफी धुंध थी जिसके कारण न तो आते हुए वाहन पर सतीश की नजर पड़ी न ही तेज रफ्तार से आ रहे वाहन चालक ने ही उसे देखा। उधर तरावड़ी में सुबह 9 बजे के करीब गांगर गांव निवासी तीसरी कक्षा का छात्र आठ वर्षीय मनीष पुत्र जनेश्वर तरावड़ी फाटक पर धुंध के कारण मालगाड़ी को नहीं देख सका और उसकी चपेट में आ गया उसने निजी अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

कुरुक्षेत्र - बाइक सवार की मौत, एक घायल कुरुक्षेत्र, बाबैन में हुई सड़क दुर्घटना में एक मोटरसाइकिल सवार की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से जख्मी हो गया। गांव मंगौली जाटान निवासी काका सिंह पुत्र जीतराम व जसविंद्र सिंह पुत्र ईश्वर सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर किसी कार्य से गांव से बाहर गए थे। इसी दौरान जब वे गांव संघौर के निकट से गुजर रहे थे, तो एक ट्रैक्टर चालक ने लापरवाही व तेजगति से वाहन चलाते हुए उनकी बाइक में टक्कर मार दी तथा मौके से फरार हो गया। काका सिंह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उसका साथी जसविंद्र सिंह बुरी तरह से जख्मी हो गया।

पानीपत- आधा दर्जन से अधिक वाहन भिड़े, 15 लोग घायल जीटी रोड पर गांव झट्टीपुर के पास सुबह करीब साढ़े आठ बजे धुंध के कारण आधा दर्जन से अधिक वाहन टकरा गए। वाहनों के टकराने से दर्जन से अधिक लोगों को चोट लगी है। सभी को सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे में दुर्घटनाग्रस्त ट्रक के चालक वीरपाल निवासी कैथल ने बताया कि अचानक धुंध का गोला आने से ब्रेक लेने पड़े ओर पीछ से आ रहे वाहनों की जोरदार टक्कर लगी। देखते ही देखते दो रोडवेज बसों, समेत कई वाहन आपस में भिड़ गए। हादसे के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को पानीपत के सामान्य अस्पताल में भर्ती कराया। क्रेन बुलाकर जीटी रोड से दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: