|
News
Madhya Pradesh
Gwalior Gwalior ग्वालियर. केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल एक दिसंबर को ग्वालियर आएंगे। ग्वालियर प्रवास के दौरान श्री पटेल यहां दिल्ली से ग्वालियर और ग्वालियर से भोपाल के बीच इंडियन एयरलाइंस (अब इंडियन) की विमानसेवा के रूप में शहरवासियों को एक नई सौगात देंगे।
विमानसेवा का शुभारंभ एक भव्य समारोह में किया जायेगा। इस मौके पर अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के विशेष आमंत्रित सदस्य, सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया भी उपस्थित रहेंगे। शहर जिला कांग्रेस के सदर प्रकाश खण्डेलवाल के मुताबिक पार्टी की ओर से इस मौके पर नेताद्वय के सम्मान में स्वागत कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।
गौरतलब है कि शहरवासियों के आग्रह पर सांसद ज्योतिरादित्य सिंधिया ने 14 अक्टूबर 2007 को केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री प्रफुल्ल पटेल के ग्वालियर आगमन पर शहरवासियों को एक और विमान सेवा की सुविधा उपलब्ध कराने का आग्रह किया था। इस पर श्री पटेल ने दिल्ली से ग्वालियर, भोपाल और भोपाल से ग्वालियर, दिल्ली के बीच इंडियन एयरलाइंस की सेवा आरंभ करने का आश्वासन दिया था। श्री पटेल ने इस सेवा को आरंभ करने की स्वीकृति प्रदान कर दी है।