|
इंदौर. महापौर डॉ. उमाशशि शर्मा, निगमायुक्त नीरज मंडलोई, अपर आयुक्त विवेकसिंह और विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में जेएनएनयूआरएम सेल, नेहरू पार्क में सीवरेज प्रोजेक्ट तकनीकी निविदाएं खोली गईं। निविदा शहर को पूर्व, पश्चिम व मध्य हिस्से में बांटकर बुलाई थीं।
मध्यक्षेत्र में 81.7, पूर्वी क्षेत्र में 71.2 और पश्चिमी क्षेत्र में 103 करोड़ का काम होना है। हैदराबाद की नागाजरुन, कोलकाता की सिम्प्लेक्स, भोपाल की रामकी और किलरेस्कर ब्रदर्स ने तीनों क्षेत्रों में रुचि दिखाई। पश्चिमी क्षेत्र के लिए एसपीएम वडोदरा ने भी टेंडर भरा।
आठ-दस दिन और लगेंगे :
निगमायुक्त ने बताया निविदाओं की तकनीकी जांच में आठ-दस दिन लगेंगे। इंजीनियर कंपनियों की वित्तीय स्थिति, पहले किए गए काम, पात्रता, जॉइंट वेंचर, क्षमता और पूंजी आदि का परीक्षण करेंगे। इस दौरान कंपनियां भी सीवरेज प्रोजेक्ट की डिजाइन का परीक्षण कर बदलाव के सुझाव दे सकेंगी। 26 जनवरी तक प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने की तैयारी है। तकनीकी निविदाओं की जांच के बाद वित्तीय निविदाएं खोली जाएंगी, जिसकी तारीख अभी तय नहीं है।