|
भोपाल. स्वास्थ्य संचालक रहे डा. योगीराज शर्मा के खिलाफ 17 और डा. अशोक शर्मा के खिलाफ तीन शिकायतें दर्ज हुई हैं।
भ्रष्टाचार के ये मामले कर्मचारी नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और जनप्रतिनिधियों ने उठाए हैं। इनमें से कई शिकायतें लोकायुक्त संगठन, आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो, मुख्यमंत्री कार्यालय और स्वास्थ्य मंत्री कार्यालय के जरिए स्वास्थ्य विभाग को मिलीं।
योगीराज को आयकर महानिदेशक से मिली शिकायत के आधार पर निलंबित किया गया है। अशोक शर्मा के खिलाफ तीन मामलों में कार्यवाही चल रही है। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्री अजय विश्नोई ने भाजपा विधायक महेंद्र सिंह चौहान के प्रश्न के लिखित उत्तर में विधानसभा को दी।
डा. शर्मा के खिलाफ शिकायतों में कार हड़पने, एक करोड़ रुपए के घटिया उपकरणों की खरीदी, पदोन्नति में गड़बड़ी, अनियमित संविदा नियुक्ति देने जैसे मामले शामिल हैं। शिकायतकर्ताओं में कांग्रेस प्रवक्ता मानक अग्रवाल, कर्मचारी नेता अरविंद श्रीवास्तव, स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त संचालक डा. केके ठस्सू और डा. राकेश मुंशी शामिल हैं। जबकि डा. अशोक शर्मा के खिलाफ शिकायत करने वालों में भाजपा सांसद अशोक अर्गल शामिल हैं।
श्री विश्नोई ने बताया कि इन सभी मामलों में जांच के निष्कर्ष आने पर कार्रवाई की जाएगी। श्री विश्नोई ने श्री चौहान के अन्य प्रश्न के उत्तर में बताया कि संचालनालय कोष एवं लेखा ने अनियमित खरीदारी और अधिक भुगतान पर आपत्तियां जताई हैं।