|
भिवानी. कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गांधी बुधवार को भिवानी व दादरी आएगी। वे भिवानी के हुडा पार्क में चौधरी सुरेंद्र सिंह की प्रतिमा का अनावरण करेंगी और भीम स्टेडियम में रैली को संबोधित करेंगी। इससे पहले दादरी में एक ओवरब्रिज की आधारशिला रखेंगी और प्रदेशस्तरीय राजीव गांधी इंफ्रास्ट्रक्चर प्रोजेक्ट का शुभारंभ भी करेंगी।
यह प्रोजेक्ट तीन हजार करोड़ रुपए का है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सोनिया गांधी बुधवार सुबह 11 बजकर 30 मिनट पर दिल्ली से चलकर दोपहर 12 बजे हेलिकाप्टर से दादरी पहुंचेंगी।
ओवरब्रिज का शिलान्यास करने के बाद 12 बजकर 20 मिनट पर भिवानी के हेलिपेड पर उतरेंगी। इसके बाद 12 बजकर 25 मिनट पर हुडा पार्क में पूर्व मंत्री सुरेंद्र सिंह की कांस्य प्रतिमा का अनावरण करेंगी। 12 बजकर 35 मिनट पर भीम स्टेडियम में पहुंचकर रैली को संबोधित करेंगी और फिर दोपहरबाद 1 बजकर 15 मिनट पर दिल्ली के लिए रवाना हो जाएगी।
इस दौरान उनके साथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव मारग्रेट अल्वा, केंद्रीय मंत्री अखिलेश दास, मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष फूलचंद मुलाना, कार्यकारी अध्यक्ष कुलदीप शर्मा सहित कई विधायक व सांसद मौजूद रहेंगे।