|
अजमेर. राजस्थान लोक सेवा आयोग की 23 दिसंबर को आयोजित की जा रही आरएएस प्री परीक्षा में 2 लाख 99 हजार 461 अभ्यर्थी शामिल होंगे। आयोग इन सभी को प्रवेश पत्र भेज रहा है। साढ़े छह हजार से अधिक आवेदन आयोग ने निरस्त किए हैं। परीक्षा की तैयारियों को लेकर एक दिसंबर को प्रदेश भर के प्रशासनिक अफसरों की बैठक भी आहूत की गई है।
आयोग के सचिव रमेश कुमार जैन के मुताबिक परीक्षा के लिए 3 लाख 6 हजार 53 अभ्यर्थियों ने आवेदन किए थे। इनमें से 6 हजार 592 आवेदन अलग-अलग कारणों से निरस्त कर दिए गए हैं। बाकी अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र भेजे जा रहे हैं। परीक्षा के लिए प्रदेश के सभी 32 जिलों में परीक्षा केन्द्र बनाए गए हैं। परीक्षा का आयोजन सफलतापूर्वक कराने के लिए सभी जिला कलेक्टर्स को जिम्मेदारी दी गई है।
कलेक्टर्स द्वारा अधिकृत नोडल अधिकारियों को 1 दिसंबर को अजमेर बुलाया गया है ताकि परीक्षा तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके। उन्होंने बताया कि आयोग के इतिहास की यह अब तक की सबसे बड़ी परीक्षा होगी। इसमें रिकॉर्ड अभ्यर्थियों ने आवेदन किए हैं।