|
उदयपुर. शहर के देवाली इलाके में मंगलवार को एक युवक अपनी पत्नी का गुपचुप अंतिम संस्कार करने में सफल नहीं हो पाया। पड़ोसियों की सजगता से पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार युवती का गला घोटा गया।
नीमचमाता स्कीम का मनोज शर्मा मंगलवार सुबह मोक्षरथ के जरिए पत्नी बसंती (३५) के शव को श्मशान लेकर जा रहा था। पड़ोसी व अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति अध्यक्ष श्रीकांता श्रीमाली, सचिव लता झाला, रुक्मणी देवी, क्षेत्रवासी कामरेड भंवरलाल व हीराबाई सहित अन्य ने बसंती की मौत के कारणों पर शंका जाहिर करते हुए मोक्षरथ को रुकवाया। पुलिस को सूचना दी। करीब दो घंटे बाद सुबह 11 बजे पुलिस मौके पर पहुंची।
मामला संदिग्ध पाए जाने पर पुलिस शव को एमबी अस्पताल ले गई और पोस्टमार्टम कराया। मृतका के गले, सिर, गाल, चेहरे, दाएं हाथ, कोहनी पर चोटों के निशान पाए गए। अम्बामाता थानाप्रभारी भगवतसिंह हिंगड़ ने जनवादी महिला समिति की शिकायत पर दहेज प्रताड़ना व आत्महत्या के लिए मजबूर करने का मामला दर्ज कर मनोज शर्मा को गिरफ्तार कर लिया।
दुल्हन की तरह सजाया शव
अंतिम संस्कार के लिए ले जाने से पहले मनोज ने बसंती के शव को दुल्हन की तरह सजाया। लाल रंग का जोड़ा व जेवरात पहनाए। फोन कर मोक्षरथ भी मंगाया।
पत्नी के साथ की थी मारपीट
पड़ोसियों का कहना है कि मनोज ने सोमवार रात बसंती से मारपीट की थी। उन्होंने मनोज को आदतन शराबी बताया और कहा कि वह प्राय: पत्नी से मारपीट किया करता था। मनोज का कहना है कि सोमवार रात साढ़े दस बजे वह जब घर लौटा, तो पत्नी का शव पंखे से लटका हुआ देखा। कमरे का दरवाजा तोड़कर शव फंदे से उतारा था।
* प्रारंभिक जांच में मनोज के आदतन शराबी होने का पता चला है। इसी वजह से उसका पत्नी से आए दिन झगड़ा होता था। सोमवार रात उसने पत्नी से मारपीट की थी।
—सुधीर जोशी, डीएसपी, उदयपुर