इंदौर. इंदौर में अब हर सुबह सात से नौ बजे तक बिजली कटौती होगी। यह व्यवस्था 1 दिसंबर से लागू की जा रही है। अभी कटौती का समय सुबह नौ से दस बजे तक है। रबी सीजन के चलते प्रदेश में बिजली संकट बढ़ गया है इसी कारण कटौती का समय भी बढ़ाया जा रहा है। पहले विद्युत वितरण कंपनी कहती रही इंदौर जैसे शहर में कटौती की जरूरत नहीं पड़ेगी लेकिन सिंचाई की खपत बढ़ने के कारण कटौती लागू करना पड़ी।
सबसे पहले 1 नवंबर से सुबह सात से आठ बजे की कटौती शुरू हुई थी। फिर इसे नौ से 10 बजे तक किया गया। इसी बीच गुरुवार को जबलपुर मुख्यालय से दो घंटे कटौती के आदेश आए।
अधीक्षण यंत्री शहर आर.के. शर्मा के मुताबिक किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त बिजली देने के लिए कटौती का समय बढ़ाया गया है।
जिला मुख्यालयों पर भी कटौती बढ़ेगी
संभाग मुख्यालय होने के कारण इंदौर में दो घंटे कटौती लागू की जा रही है जबकि जिला मुख्यालयों पर पहले से चार घंटे की कटौती हो रही है और उसे बढ़ाने पर भी विचार चल रहा है। दो-तीन दिन में निर्णय हो सकता है। अभी भी घोषित कटौती चार घंटे है लेकिन बिजली पांच घंटे या ज्यादा गुल रहती है।
गांवों में छह घंटे
गांवों में सुबह छह से शाम छह बजे के बीच छह घंटे और शाम को छह से रात 12 बजे के बीच किसी समय तीन-साढ़े तीन घंटे कटौती की जा रही है।
मांग और पूर्ति में अंतर बढ़ा
कुछ दिनों से प्रदेश में बिजली की मांग और पूर्ति में एक हजार मेगावॉट का अंतर चल रहा था जो बढ़कर 12 सौ मेगावॉट हो गया है। बुधवार तक बिजली उत्पादन पांच हजार मेगावॉट और खपत 6,200 मेगावॉट थी।