पंचकूला. क्रिकेट के नए अवतार ट्वेंटी 20 क्रिकेट का जोरदार जलवा 30 नवंबर से पंचकूला के सेक्टर-3 स्थित क्रिकेट स्टेडियम में प्रारंभ होगा। विद्युत रौशनी में
खेले जाने वाले उद्घाटक मैच में चंडीगढ़ लायंस का मुकाबला दिल्ली जेट्स से होगा। चंडीगढ़ का नेतृत्व न्यूजीलैंड के क्रिस कैर्न्स व दिल्ली का नेतृत्व श्रीलंका के मर्वन अटापट्टू करेंगे। उद्घाटक मैच शाम को 6.00 बजे से खेला जाएगा इससे पहले अक्षय कुमार व करीना कपूर नृत्यों से भरपूर कार्यक्रम की प्रस्तुति देंगे।
छह टीमों में अनेक विदेशी सितारे : आईसीएल में भाग लेने वाली छह टीमों में अनेक विश्व प्रसिद्ध क्रिकेट खिलाड़ियों को खेलते देखा जा सकेगा। इन टीमों में ब्रायन लारा,इंजमाम उल हक, मर्वन अटापट्टू, क्रिस कैर्न्स, क्रेग मैकमिलन, विक्रम सोलंकी आदि शामिल हैं।
ट्रॉफी पहुंची : आईसीएल की विजेता टीम को मिलने वाली सोने, चांदी से जड़ित चमचमाती ट्रॉफी 29 नवंबर को चंडीगढ़ पहुंच गई। इस ट्रॉफी को बनाने वाले डिजाइनर अमित पाबुवाल स्वयं इसे लेकर जयपुर से चंडीगढ़ पहुंचे। 10 से 12 किलो वजन की इस ट्रॉफी में सबसे उपर ग्लोब बना है जो कि लीग की 6 टीमों में भाग ले रहे पूरे वल्र्ड के क्रिकेटर्स की एकता का प्रतीक है। इसके बाद इसमें तीन कोण बनाए गए हैं जो कि क्रिकेट के अुनसार बैेटिंग, बॉलिंग और फिल्डिंग का प्रतीक हैं।
मैन ऑफ द मैच ट्रॉफी- मैन ऑफ द मैच के लिए दो ट्राफीज बनाई गई हैं। इनका भार डेढ़ से 2 किलो तक है।
अमित पाबुवाल : जयपुर निवासी स्पोर्ट्स ट्रॉफी डिजाइनर अमित पाबुवाल आईसीएल ट्रॉफी से पहले आईसीसी वर्ल्ड कप ट्वेंटी-20, फ्यूचर कप (इंडिया-ऑस्ट्रेलिया), फ्यूचर कप (इंडिया-साउथ अफ्रीका), इंडियन ऑयल कप वन डे और टेस्ट सीरीज (इंडिया-पाकिस्तान) के लिए ट्रॉफीज डिजाइन कर चुके हैं।
लाइव टेलीकास्ट जी स्पोर्ट्स पर। शुरू के 30 मिनट का खेल जी के प्रत्येक चैनल पर दिखाया जाएगा।