बाड़मेर. सरहद के प्रतिबंधित क्षेत्र में जमीन खरीदकर रजिस्ट्री करवाने वाले गैर राजस्थानियों के खिलाफ राज्य सरकार ने एफआईआर दर्ज करवाने के निर्देश दिए हैं। इस संबंध में प्रशासन ने कार्रवाई शुरू कर दी है।
प्रमुख शासन सचिव वी.एस.सिंह ने इस संबंध में जिला कलेक्टर को पत्र लिखा है। इसमें निर्देश दिए गए हैं कि सरहदी जमीन खरीदने वाले राजस्थान से बाहर के लोगों के खिलाफ अप्रवासन नियम 1961 के तहत कार्रवाई की जाए।
इस नियम के तहत बाड़मेर जिले के सात थाना क्षेत्रों में बाहरी लोगों का प्रवेश वर्जित है। यहां जाने के लिए कलेक्टर से अनुमति लेनी पड़ती है। उधर, सरहदी जमीन बिक्री के कई मामले सामने आने और विधानसभा में यह मुद्दा उठने के बाद जिला कलेक्टर सुबीर कुमार ने पाकिस्तानी सीमा से 20 किमी के दायरे में जमीन की रजिस्ट्री पर रोक लगा दी है।
भास्कर ने किया था खुलासा
दैनिक भास्कर ने सरहदी जमीन बिकवाने के मामले में संदिग्ध लोगों का हाथ और कौड़ियों की जमीन लाखों में बेचने सहित कई खबरें प्रकाशित कर सरहदी जमीन की बिक्री में हुए गड़बड़झाले का खुलासा किया था। इसमें यह जानकारी भी दी गई थी जमीन की खरीद करवाने में जुटे कुछ लोगों की तो पुलिस स्टेशन में व्यक्तिगत फाइल तक खुली हुई है।
कहां-कहां बिकी जमीन
सरहदी गांव मालाणा, पीथाकर, सजनाणी, मुनाबाव, अकली, अमीन का पार, रोहिड़ी, पांचला, सुंदरा, पदमड़ा आदि में बाहरी लोगों को जमीन बेची गई है। यह जमीन स्थानीय बाशिंदों से एक ओजान (छह बीघा) छह हजार रुपए में खरीदी गई। इसे पंजाब सहित अन्य राज्य के लोगों को करीब तीस हजार रुपए प्रति ओजान बेची गई।
खरीददार कोई, रजिस्ट्री दूसरे के नाम सीमावर्ती इलाकों में अजा-जजा के लोगों की जमीन की रजिस्ट्री दूसरों के नाम से की गई है, क्योंकि अजा जजा के व्यक्ति की जमीन सामान्य वर्ग का व्यक्ति नहीं खरीद सकता है। ऐसे में स्थानीय विश्वासपात्र लोगों के नाम जमीनों की रजिस्ट्री की गई है।
उधर, जमीन के लेन-देन से जुड़े सरकारी कारिंदों की भूमिका भी संदेह के घेरे में है।
* एसपी को सरहदी जमीन की रजिस्ट्री करवाने वाले बाहरी लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाने के लिए आज ही पत्र लिखा है। इनके खिलाफ अप्रवासन नियम 1961 के तहत कार्रवाई की जाएगी।
-सुबीर कुमार, जिला कलेक्टर बाड़मेर
* मैं सिणधरी में हूं, जिला कलेक्टर ने आज पत्र लिखा होगा। इस वजह से मुझे पता नहीं है। कल जानकारी दे पाऊंगा।
-डॉ.नितिन दीप, एसपी बाड़मेर