जयपुर. मुख्यमंत्री वसुंधराराजे की अध्यक्षता वाले बोर्ड ऑफ इन्फ्रास्टक्चर डवलपमेंट एंड इन्वेस्टमेंट प्रमोशन (बीडी) ने रिसर्जेट राजस्थान शुरू होने से 20 घंटे पहले जयपुर में चार नए प्रोजेक्टों को मंजूरी दे दी। इनमें होने वाले निवेश को रिसर्जेट राजस्थान की उपलब्धियों में जोड़ा जाएगा। उद्योग मंत्री नरपतसिंह राजवी जयपुर में होते हुए भी इस बैठक में शामिल नहीं हुए। मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई बीडी की बैठक में स्वायत्त शासन राज्यमंत्री प्रतापसिंह सिंघवी, मुख्य सचिव डी.सी. सामंत, बीआईपी कमिश्नर उमेश कुमार, स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख सचिव परविंदरसिंह पंवार ही मौजूद थे। बीडी के उपाध्यक्ष उद्योग मंत्री नरपतसिंह राजवी गुरुवार को जयपुर में होते हुए भी बैठक में नहीं आए।
इसलिए नहीं आए राजवी
बीडी की बैठक की तिथि तय करने के लिए चार दिन पहले बीआईपी से फाइल उद्योग मंत्री राजवी तक गई थी। उन्होंने बैठक की तारीख देने से यह कहकर मना कर दिया कि मुख्यमंत्री वसुंधराराजे बीमार चल रही हैं। गुरुवार रात अचानक एजेंडा भेजकर बैठक बुला ली गई। बताया जाता है कि इस कार्रवाई के विरोध में राजवी बैठक में नहीं गए।
बैठक का स्वरूप भी बदला : मुख्यमंत्री वसुंधराराजे ने बीडी की बैठक की प्रक्रिया भी बदल दी है। पहले बीडी में आने वाले सभी मामलों का एक ही एजेंडा बनता था और एक साथ ही सभी मामलों पर विचार होता था। अब प्रत्येक विभागाध्यक्ष को उनसे संबंधित प्रकरणों का ही एजेंडा भेजा जाता है। बैठक में भी संबंधित विभागाध्यक्षों को अलग-अलग बुलाकर बात की जाती है। इसका कारण बीडी से मंजूरी होने वाले प्रोजेक्टों के बारे में अनावश्यक प्रचार को रोकना है।
इन प्रोजेक्टों को दी गई मंजूरी:
- जे.के. ग्रुप को लक्ष्मीपत सिंघानिया तकनीकी विश्वविद्यालय के लिए सांगानेर के पास 30 एकड़ जमीन डीएलसी दरों पर दी जाएगी। जे.के. ग्रुप ने 120 करोड़ रुपए का निवेश करने के लिए 50 एकड़ जमीन मांगी थी।
- बापू नेचुरोक्योर हॉस्पिटल एंड योगाश्रम को आमेर के दौलतपुरा में योगा आश्रम और प्राकृतिक चिकित्सालय खोलने के लिए 2 एकड़ जमीन देने का फैसला किया गया है। यह संस्था इसमें करीब 40 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।
- मैसर्स हरजाइस कार्नर हाउस प्रा.लि. को चाकसू में 10 एकड़ जमीन देने का फैसला किया गया है। यह कंपनी यहां हैल्थ केयर, वेडिंग सेंटर और एम्यूजमेंट पार्क बनाएगी।
- शिव शीतल बिल्डर्स प्राइवेट लिमिटेड को विद्याधर नगर के पास 28 हजार वर्गमीटर जमीन दी जाएगी। इसमें कुछ व्यावसायिक दरों पर और कुछ आवासीय दरों पर आबंटित होगी। यह कंपनी यहां डोल्फिनेरियम, एम्यूजमेंट पार्क और 4डी एनीमेशन सेंटर बनाएगी। इसमें कंपनी करीब 125 करोड़ रुपए का निवेश करेगी।