जयपुर. वैशाली नगर में खातीपुरा रोड पर गुरुवार को लोडिंग टैम्पो की टक्कर से स्कूटर सवार दंपती की मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष में शुक्रवार को चाचा के
लड़के की शादी थी। वहां दोनों की मौत के समाचार से खुशियां मातम में बदल गईं।
दंपती के साथ स्कूटर पर सवार बेटी तथा बेटा टक्कर के बाद उछलकर दूर जा गिरे। उन्हें खरोंच तक नहीं आई। प्रत्यक्षदर्शियों ने पुलिस को बताया कि हादसे के बाद युतिका सड़क पर खड़ी होकर रोने लग गई जबकि सौम्य सड़क पर बैठ गया।
पुलिस ने बताया कि मृतक झारखंड का मूल निवासी राकेश कुमार (33) तथा उसकी पत्नी श्वेता (29) यहां वैशाली नगर इलाके में गुरु जंभेश्वर कॉलोनी में किराए से रहते थे। राकेश की सरावगी मेंशन में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। गुरुवार दोपहर पति-पत्नी तीन वर्षीय बेटी युतिका तथा एक वर्षीय बेटे सौम्य को साथ लेकर शादी में चाचा के घर वैशाली नगर जा रहे थे। रास्ते में खातीपुरा रोड पर पीछे से तेजी से आए लोडिंग टैम्पो ने टक्कर मार दी। टैम्पो का अगला टायर श्वेता के पेट पर से निकल गया जबकि राकेश के सिर में गहरी चोट लगी।
घटना के बाद टैम्पो चालक फरार हो गया। गंभीर घायल दंपति को पहले पास ही एक निजी अस्पताल में तथा बाद में सवाई मानसिंह अस्पताल में भेजा गया, जहां उन्हें बचाया नहीं जा सका। राकेश जयपुर में करीब आठ वर्ष से रह रहा था।
दोनों की आंखे चार लोगों को देगी रोशनी:
दंपती की आंखें दान कर दी गई हैं। दोनों की आंखें अब चार नेत्रहीनों को रोशनी दे सकेगी। राकेश के मकान मालिक राजीव माहेश्वरी ने बताया कि झारखंड में रहने वाले परिजनों को सूचना दे दी गई है। वे शनिवार सुबह तक जयपुर आ जाएंगे। उनके आने के बाद ही पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
कौन बताए मम्मी-पापा नहीं रहे
तीन वर्षीय युतिका अपने मम्मी-पापा को बार बार याद कर रो रही थी। लोग उसे सांत्वना दिला रहे थे कि मम्मी पापा जल्दी ही आ जाएंगे, लेकिन यह बताने की हिम्मत किसी की नहीं थी कि अब दोनों ही इस दुनिया में नहीं रहे। एक वर्षीय सौम्य को तो यह भी पता नहीं कि क्या हो गया? दोनों अपने नाना की गोद में थे, जो अपने भाई के बेटे की शादी में आए थे। राकेश व श्वेता ने 25 नवंबर को अपनी शादी की वर्षगांठ मनाई थी। राकेश के मकान मालिक राजीव माहेश्वरी ने बताया कि शादी की वर्षगांठ के दिन दोनों बेटे बेटी के साथ घूमने गए थे।
एक तरफ अर्थी उठेगी तो दूसरी तरफ बारात निकलेगी:
गुरु जंभेश्वर कॉलोनी में रहने वाले लोगों व मृतक दंपति के रिश्तेदारों की जुबां पर एक ही शब्द है भगवान ऐसा अन्याय क्यों किया? शुक्रवार को दंपति के पोस्टमार्टम के बाद अर्थी उठेगी तो दूसरी तरफ बारात निकलेगी।