मुंबई.
किसी हेल्थ ड्रिंक के विज्ञापन की कल्पना करो तो हाथ में मग उठाए सचिन तेंडुलकर ही ध्यान में आते थे, किंतु ट्वेंटी-20 की बादशाहत मिलने के बाद से विज्ञापन की दुनिया में सब उलट-पुलट हो गया है। बाजार में छाए हुए ब्रांडेड उत्पादों के लिए आज वनडे टीम इंडिया के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी की धूम है।
झारखंड के इस क्रिकेटर की सालाना आय 35 से 40 करोड़ रुपए तक पहुंच गई है। ट्वेंटी-20 कप जीतने के पहले धोनी सालभर में 21 करोड़ रुपए कमाते थे। प्रति विज्ञापन
उन्होंने तीन से पांच करोड़ रुपए की छलांग लगाई है। कमाई के मामले में उन्होंने सचिन को पीछे छोड़ दिया है जो फिलहाल अपने विज्ञापन अनुबंधों से सालाना 20 से 25 करोड़ रुपए कमा रहे हैं। ट्वेंटी-20 जीत के बाद युवराज सिंह आठ करोड़ से छलांग मारकर 12 से 15 करोड़ रुपए की रैंज में आ गए हैं। सिर्फ तीन माह में उन्होंने अच्छी तरक्की की है।
बॉलीवुड में शाहरुख का डंका : बॉलीवुड में ऐसा कोई तख्ता पलट नहीं हुआ है। वहां ‘चक दे’ और ‘ओम शांति ओम’ की सफलता के बाद से शाहरुख का डंका और भी जोर से बज रहा है। प्रति विज्ञापन उनका रेट तीन करोड़ से दोगुने से भी ज्यादा बढ़कर सात करोड़ हो गया है। विज्ञापन जगत के प्रसून जोशी कहते हैं, ‘जहां शाहरुख खान हरफनमौला ब्रांड है तो धोनी और युवराज मूलत: कुछ विशेष उत्पादों के ही ब्रांड हैं।’
रितिक भी बरकरार : उधर रितिक रोशन ने सिर्फ दो माह में आठ ब्रांड झटक लिए हैं। इससे विज्ञापनों से होने वाली उनकी सालाना आय में चार से आठ करोड़ रुपए का इजाफा हुआ है।
* ‘ट्वेंटी-20 कप जीतने के बाद क्रिकेटरों ने अपना टर्नओवर लगभग दोगुना कर लिया है। इस समय उनकी मांग जबरदस्त है क्योंकि इस समय चल रहे 80 फीसदी विज्ञापनों का लक्ष्य युवा वर्ग है।’
- शैलेंद्र सिंह, ज्वाइंट एमडी, परसेप्ट होल्डिंग्स
विज्ञापन जगत के कमाऊ पूत
ब्रांड - पुराना रेट - नया रेट
शाहरुख खान- 3 से 4 करोड़ रु- 7 से 8 करोड़ रु
महेंद्रसिंह धोनी- 2 से 3 करोड़ रु- 6 से 7 करोड रु़
सचिन तेंडुलकर- 4 करोड रु़ - 4 करोड़ रु
युवराज सिंह - 2 करोड़ रु - 4 करोड़ रु
रितिक रोशन - 2 करोड़ रु - 3 से 4 करोड़ रु