News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. पूर्व सांसद पवन दीवान का भाजपा से मोहभंग हो गया। उन्होंने भाजपा के साथ ही गौसेवा आयोग के अध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया। शीघ्र ही वे कांग्रेस
प्रवेश करने वाले हैं। विद्याचरण शुक्ल और अरविंद नेताम के बाद वे तीसरे बड़े नेता हैं जिनकी कांग्रेस में वापसी हो रही है। उन्होंने कांग्रेस प्रवेश के लिए आवेदन कर दिया है। जोगी शासनकाल में उन्होंने कांग्रेस से छोड़कर भाजपा की सदस्यता ली थी।
श्री दीवान ने हालांकि 26 नवंबर को ही इस्तीफा दे दिया था, लेकिन उसकी कापी आज बांटी गई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष चरणदास महंत ने कांग्रेस भवन में उनके इस्तीफे के बारे में जानकारी दी। श्री महंत ने बताया कि उनकी घर वापसी हो रही है। उन्हें कांग्रेस में लेने के लिए पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से अनुमति मिल गई है। औपचारिकताएं पूरी करने के बाद उनको कांग्रेस में ले लिया जाएगा।
कहा जा रहा है कि श्री दीवान भाजपा में काफी दिनों से बेचैनी महसूस कर रहे थे। राजनांदगांव लोकसभा उपचुनाव के दौरान उन्हें भाजपा से टिकट देने की चर्चा थी, लेकिन ऐनवक्त पर उनका नाम कट गया। श्री दीवान इससे काफी व्यथित थे। श्री महंत ने कहा कि श्री दीवान के आने से कांग्रेस मजबूत होगी। श्री महंत ने दावा किया कि और भी कई नेता हैं जिनसे उनका संपर्क बना हुआ है। कई और नेताओं को वे कांग्रेस में वापस लाने वाले हैं।