News
Chhattisgarh
Raipur Raipur रायपुर. खाद आपूर्ति में गड़बड़ी के मामले में विधानसभा में आज कृषिमंत्री मेघाराम साहू पर विपक्ष ने जमकर हमला बोला। उन पर गलतबयानी का आरोप लगाते
हुए कांग्रेस विधायक रविंद्र चौबे ने यहां तक ऐलान कर दिया कि उनकी बात सही हुई तो वे इस्तीफा दे देंगे।
विधानसभा में गुरुवार को प्रश्नकाल में खाद की कमी और अमानक खाद की सप्लाई के मामले में धर्मजीत सिंह, रविंद्र चौबे और देवजी पटेल के तीन अलग-अलग सवाल लगे थे लेकिन अन्य विधायकों ने भी इस पर प्रश्न किए। श्री चौबे के प्रश्न के दौरान तनावपूर्ण स्थिति निर्मित हो गई थी। श्री चौबे ने कहा कि सरकार के आश्वासन के बावजूद आज तक साजा विधानसभा की देवरबीजा सोसाइटी में डीएपी खाद नहीं पहुंची है। इस पर श्री साहू ने कहा कि विधायक को जानकारी नहीं है, देवरबीजा में 15 टन खाद पहुंचा दी गई है। उनका यह जवाब सुनकर श्री चौबे नाराज हो गए।
उन्होंने कहा कि देवरबीजा के किसान और सोसाइटी के सदस्य सदन में मौजूद हैं। अध्यक्षजी निर्देश दें तो मैं उन्हें आपके सामने खड़े कर देता हूं। देवरबीजा सोसाइटी में आज तक खाद नहीं पहुंची है। अगर खाद पहुंच गई होगी तो मैं अपने पद से इस्तीफा दे दूंगा। इसके अलावा जो भी सजा दी जाएगी, भुगतने के लिए तैयार हूं। उनकी बात सुनकर सदन में खामोशी छा गई।
श्री चौबे ने कहा कि खाद सोसाइटी में नहीं पहुंची, बल्कि एक निजी दुकानदार के गोदाम में पहुंचा दी गई है। वह 475 रुपए की खाद को 560 रुपए में बेच रहा है। सरकार के संरक्षण में कालाबाजारी हो रही है। अफसरों की कार्यप्रणाली की वजह से आम किसानों को खाद नहीं मिल पा रही है। कांग्रेस के धर्मजीत सिंह और भूपेश बघेल समेत अन्य विधायकों ने उसके बाद सरकार पर करारे प्रहार किए।
धर्मजीत सिंह के सवाल पर श्री साहू यह भी नहीं बता पाए कि अमानक खाद के कितने प्रकरण बनाए गए हैं। उन्होंने केवल 26 प्रकरण होने की जानकारी दी। इस पर श्री सिंह ने बताया कि श्री साहू अपने ही जवाब को सही ढंग से नहीं बता पा रहे हैं। सरकार की ओर से दिए गए लिखित जवाब में ही सरकार ने 100 से अधिक प्रकरणों का उल्लेख किया है। विधायकों ने आरोप लगाया कि सरकार खाद के सप्लायरों को प्रश्रय दे रही है। इस कारण सप्लायर अमानक खाद किसानों को सप्लाई कर रहे हैं। विधायक देवजी पटेल के प्रश्न पर श्री साहू ने स्वीकार किया कि खाद की जांच के लिए भेजे गए नमूनों की सील टूटी हुई थी। उन्होंने बताया कि पूरे प्रकरण की जांच के निर्देश दे दिए गए हैं।
अधिकारियों पर कार्रवाई कर मंत्री सदन को सूचना देंगे
खाद की सप्लाई में मंत्री पर गलतबयानी का आरोप लगाते हुए श्री चौबे द्वारा इस्तीफे की चुनौती को विधानसभा अध्यक्ष प्रेमप्रकाश पांडे ने काफी गंभीरता से लिया। उन्होंने कृषि मंत्री मेघाराम साहू से कहा कि यह खेदजनक है। उन्होंने निर्देश दिए कि खाद सप्लाई में क्या गड़बड़ी हुई है, आप देखवा लें और इस मामले में जो भी अफसर दोषी हो, उसके खिलाफ कार्रवाई कर कल ही सदन को सूचित करें।