News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur कोरबा. योगगुरू बाबा रामदेव के सानिध्य में योग प्रशिक्षण का सौभाग्य शहरवासियों को आज से मिल रहा है। योग विज्ञान समिति के तत्वावधान में इंदिरा स्टेडियम
में आयोजित शिविर की तैयारियां पूरी कर ली गई है। शिविर प्रतिदिन सुबह 5 से 7.30 बजे तक चलेंगे।
गरिमामय शिविर आयोजन के मद्देनजर स्टेडियम की साफ-सफाई व रंगाई-पुताई के अलावा मंच सज्जा, ध्वनि, एलसीडी जैसी आधारभूत व्यवस्थाओं के लिए आयोजन समिति लंबे समय से जुटी हुई है। प्रशिक्षण लेने पहुंचने वालें लोगों के आने-जाने की पृथक-पृथक व्यवस्था की जा चुकी है। व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से स्टेडियम परिसर में दोनों ओर बेरियर बनाया गया है।
समिति द्वारा शिविर के दौरान वाहनों की पार्किग का ठेका दे दिया गया है। फल एवं लौकी जूस, अंकुरित अनाज, चाय नास्ता, एसटीडी बूथ, पुलिस सहायता कें द्र तथा स्टाल का निर्माण कर लिया गया है। इसी प्रकार रोगियों के परामर्श के लिए टीम के साथ आने वाले वैद्यों को अलग-अलग स्टाल आबंटित कर दिया गया है। लोग प्रतिदिन सुबह 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक तथा दोपहर 4 बजे से शाम 7 बजे तक निशुल्क चिकित्सा परामर्श प्राप्त कर सकते है। समिति द्वारा रोगियों के लिए सशुल्क दवाईयां भी उपलब्ध कराई जाएंगी जिसके लिए भंडार कक्ष का आबंटन कर दिया गया है। शिविर आयोजन को लेकर आयोजन समिति के साथ साथ क्षेत्र के लोग खासा उत्साहित है।
बाबा रामदेव के सद्सानिध्य में आयोजित प्रशिक्षण शिविर की सफलता के लिए जिला, पुलिस एवं नगर निगम प्रशासन द्वारा जहां हर संभव सहायता उपलब्ध कराई गई है। स्थानीय संयंत्रों द्वारा भी भारी सहयोग राशि उपलब्ध कराई है। सीएसईबी, एसईसीएल, बालको ने जहां योग शिविर के लिए पतंजलि आश्रम से आने वाले सदस्यों के ठहरने की व्यवस्था की है। वहीं इस संस्थानों द्वारा लाखों रूपए नगद प्रदान भी किया गया है।
स्वामी रामदेव ने की सप्तदेव मंदिर में पूजा-अर्चना
स्वामी रामदेव का कोरबा आगमन हवाई मार्ग से हुआ। बाबा रामदेव के रुमगड़ा स्थित हवाई पट्टी पहुंचने पर योग विज्ञान समिति के सदस्यों व स्थानीय जन प्रतिनिधियों द्वारा आत्मीय स्वागत किया गया। यहां से बाबा रामदेव वन, राजस्व, पुनर्वास,विधि विधायी एवं संस्कृति मंत्री बृजमोहन अग्रवाल के साथ सड़क मार्ग से सीतामणी रोड स्थित श्री सप्तदेव मंदिर पहुंचे। उन्होंने मंदिर में देवी दर्शन कर पूजा अर्चना की।