कोलकाता.भारत ने सलामी बल्लेबाज वसीम जाफर की अविजित 191 रनों की मैराथन पारी के दम पर पहले दिन का खेल खत्म होने तक 3 विकेट पर 352 रन बना लिए हैं। बेदम पाक आक्रमण के चलते दूसरे दिन भी भारतीय बल्लेबाजों के छाए रहने की उम्मीद है। सचिन एक बार फिर शतक पूरा करने में नाकमयाब रहे। वे 82 रन की पारी खेलकर आउट हुए।
खेल का पहला दिन पूरी तरह से वसीम जाफर के नाम रहा। उन्होंने शुरुआत से लय में आते हुए एक यादगार पारी खेली। अनफिट शोएब को एकादश में शामिल करने के पाक के निर्णय ने भारतीय बल्लेबाजों का काम और आसान किया। इससे शेष 3 गेंदबाजों पर अतिरिक्त ओवरों का दबाव बढ़ा। जाफर ने सोहेल तनवीर और दानिश कनेरिया को अपना निशाना बनाया।सचिन तेंडुलकर का शतक के करीब जाकर लड़खड़ाने का क्रम बरकरार रहा । हताश पाक आक्रमण के विरुद्ध उन्होंने एक बार फिर शतक बनाने का अवसर गंवाया। वे 82 रन बनाकर दानिश कनेरिया की गेंद पर बोल्ड हो गए। हालांकि उन्होंने वसीम जाफर के साथ तीसरे विकेट के लिए 175 रन की भागीदारी करके भारत को मजबूत स्कोर की ओर अग्रसर किया। सचिन ने आज अपने कैरियर का 47 वां अर्धशतक पूरा किया। इसके साथ ही उन्होंने पाक के खिलाफ टेस्ट में 1,000 रन पूरे किए। मास्टर ब्लॉस्टर अब तक बांग्लादेश को छोड़कर सभी टेस्ट प्लेइंग नेशन के खिलाफ 1,000 रन पूरे कर चुके हैं। आज उनसे अपने कैरियर का 38 वां शतक पूरा करने की उम्मीद है।
वसीम जाफर आज एक यादगार पारी खेली। उन्होंने अपना शतक सिर्फ 150 गेंदों पर पूरा किया। उन्होंने शुरुआत में सोहेल तनवीर की भीतर आती गेंदों पर लड़खड़ाने के बाद किसी भी गेंदबाज को नहीं बख्शा। तनवीर ही उनका सबसे अधिक निशाना बने। उनके एक ओवर में चार चौके लगाकर जाफर ने सिरीज में लगातार दूसरा अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद दानिश कनेरिया की गेंद पर चौका लगाकर अपने कैरियर का पांचवा शतक पूरा किया। उन्होंने यहां एक बार फिर तनवीर को निशाना बनाते हुए उनके एक ओवर में लगातार तीन चौके लगाए।
पाकिस्तान का गेंदबाजी आक्रमण बीमार शोएब को टीम में शामिल किए जाने के कारण और कमजोर हो गया है। उन्होंने आज सिर्फ 6 ओवर ही गेंदबाजी की। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए मैच के शुरुआत में ही भारत ने दिनेश कार्तिक का विकेट खो दिया। मैच के दूसरे ही ओवर में तनसीर की गेंद पर कार्तिक स्लिप में यूनुस खान को कैच दे बैठे। मात्र दो रन के स्कोर पर भारत का पहला विकेट गिरा। कार्तिक केवल एक रन ही बना सके। भारतीय टीम में कोई बदलाव नहीं किया गया है। भारत तीन टेस्ट मैचों की इस सीरीज में 1-0 से आगे है।
यूनुस खान को कप्तानी
पाकिस्तान टीम की कप्तानी की जिम्मेदारी यूनुस खान को सौंपी गई है। शोएब मलिक के बीमार होने के कारण यूनुस खान यह जिम्मेदारी संभाल रहे हैँ।
शोएब फिट
रावलपिंडी एक्सप्रेस के नाम से मशहूर पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर इस मैच में खेल रहे हैं। दो दिन पहले तबियत खराब होने पर उन्हें अस्पताल में भरती कराया गया था।
दोनों टीमें इस प्रकार हैं:>
भारत:>
अनिल कुंबले , महेद्र सिंह धोनी, सचिन तेंदुलकर, सौरव गांगुली, दिनेश कार्तिक, वसीम जाफर, राहुल द्रविड़, वीवीएस लक्ष्मण, हरभजन सिंह, मुनफ पटेल और जहीर खान।
पाकिस्तान:>
यूनुस खान, मोहम्मद यूसुफ, कामरान अकमल, सलमान बट, यासिर हमीद, मिसबाह उल हक, सोहेल तनवीर, शोएब अख्तर, फैसल इकबाल, मोहम्मद समी और दानिश कनेरिया।