मुंबई.पाकिस्तान के तेज गेंदबाज शोएब अख्तर गेंदबाजी एक्शन को लेकर एक बार फिर संदेह के घेरे में हैं। दिल्ली के फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में हुए पहले टेस्ट मैच में छह विकेट लेने की उनकी सफलता पर सवाल खड़े कि ए जा रहे हैं।
कुछ खबरों में कहा गया है कि उनकी शिकायत भारतीय टीम की ओर से भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को की गई है, जबकि बोर्ड सचिव निरंजन शाह ने शुक्रवार को स्पष्ट किया कि टीम के किसी खिलाड़ी या टीम मैनेजमेंट की ओर से ऐसी कोई शिकायत बोर्ड को नहीं मिली है।
इस संबंध में बोर्ड सचिव ने कहा कि यदि अख्तर की गेंदबाजी में कोई तकनीकी खामी होगी, तो इंटरनेशनल क्रिकेट कौंसिल (आईसीसी) को कार्रवाई करने का पूरा अधिकार है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में आईसीसी की तरह ही बोर्ड का रुख बिलकुल स्पष्ट है। किसी भी खिलाड़ी को आजीवन वैध गेंदबाजी का प्रमाण नहीं मिलता है। समय-समय पर उसकी जांच की जाती है।
गौरतलब है कि कोटला में पाकिस्तान के सबसे सफल गेंदबाज साबित हुए अख्तर ने छह विकेट लिए थे। यह टेस्ट मैच भारत छह विकेट से जीत गया था, लेकिन अख्तर की गेंदबाजी एक्शन पर कुछ सुगबुगाहट उठी थी।
पहले भी उठे हैं सवाल : रावलपिंडी एक्सप्रेस की गेंदबाजी एक्शन पर पहले भी सवाल उठे हैं-
* जनवरी-फरवरी 2006 में इंग्लैंड के विरुद्ध टेस्ट सीरीज में उनकी गेंदबाजी एक्शन को संदिग्ध माना गया। बाद में परीक्षण के बाद उन्हें क्लीन चिट मिल गई।
* 2005-06 में भारत के पाकिस्तान दौरे के दौरान तत्कालीन भारतीय कोच ग्रेग चैपल ने शोएब की गेंदबाजी एक्शन पर सवाल उठाए थे।
* 2003-04 में भारतीय कप्तान सौरव गांगुली ने भी अख्तर की गेंदबाजी पर संदेह व्यक्त किया था। पीसीबी ने किया अख्तर का बचाव : इस मामले में पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (पीसीबी) ने शोएब अख्तर का बचाव किया है। पीसीबी के वरिष्ठ अधिकारी सलीम अल्ताफ ने कहा कि अख्तर की गेंदबाजी पर पहले भी आरोप लगे हैं और हर बार वे जांच में सही पाए गए हैं।