HomeNewsMetrosChandigarh Chandigarh

चंडीगढ़ लायंस की रोमांचक जीत

पंचकूला.अंत तक रोमांचक व चुनौतीपूर्ण मैच में चंडीगढ़ लायंस ने दिल्ली जेट्स को 9 रन से पराजित कर आईसीएल का उद्घाटक मैच जीत लिया। विजेता टीम के लिए एंड्रयू हॉल ने 28 रनों में 31 रन व ओपनर एच.मार्शल 23 व इमरान फरहात ने 21 रन बनाए। चंडीगढ़ लायंस ने पहले खेलते हुए 134 रन बनाए जबकि दिल्ली जेट्स टीम 6/125 ही बना सकी। चंडीगढ़ के डेरेल टफी ने 15 रन देकर तीन विकेट लिए।

चंडीगढ़ के समीप स्थित सेक्टर-3 पंचकूला के स्टेडियम के फ्लडलाइट में खेले गए उद्घाटक मैच में चंडीगढ़ लायंस की ओर से कुल 14 चौके व 3 छक्के व दिल्ली जेट्स की ओर से 9 चौके व 4 छक्के लगे। टॉस दिल्ली जेट्स के कप्तान मर्वन अटापट्टु ने जीता तथा पहले क्षेत्ररक्षण का निर्णय लिया।

चंडीगढ़ के ओपनर इमरान फरहात व मार्शल ने शानदार शुरुआत करते हुए पहले विकेट के लिए 40 रन की भागीदारी की। फरहात ने 21 व मार्शल ने 23 रन बनाए। इसके बाद चेतन शर्मा (18) व न्यूजीलैंड के क्रिस केर्न्‍स (22) ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। केर्न्‍स ने दो शानदार छक्के भी लगाए।

इसके बाद चंडीगढ़ के तीन विकेट झटपट गिर गए जिससे रनों की गति थोड़ी धीमी हो गई लेकिन एंड्रयू हॉल ने 28 गेंदों में 31 रन बना कर स्थिति सुधार दी। दिल्ली जेट्स के ए.मुर्तजा व ए.शर्मा ने तीन-तीन विकेट लिए। जवाब में दिल्ली जेट्स ने दो विकेट सिर्फ 32 रन पर खो दिए।

इसके बाद मर्वन अटापट्टू ने 4 चौकों के सहारे 29, सैयद अब्बास अली ने 19 गेंदों में 3 छक्कों के सहारे नाबाद 30 रन बना कर अपनी टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया था लेकिन जीत अंतत: चंडीगढ़ की ही हुई। चंडीगढ़ की ओर से टफी ने 3 विकेट लिए।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: