जम्मू/शिमला. कश्मीर घाटी के गुलमर्ग, डोडा, भदरवाह और किश्तवाड़ में शुक्रवार को हुई बर्फबारी और जम्मू के पहाड़ी इलाकों में तेज बारिश के कारण राज्य में तापमान काफी गिर गया है। जम्मू के पास त्रिकूटा पहाड़ियों पर स्थित माता वैष्णो देवी की पवित्र गुफा और आसपास भारी बारिश दर्ज की गई।
पंजाब, हरियाणा और चंडीगढ़ में हल्की बूंदाबांदी से ठंड में इजाफा हुआ। उधर हिमाचल में मौसम की पहली बर्फबारी दर्ज की गई। हिमाचल प्रदेश के कुल्लू, लाहौल स्पीति, किन्नौर, मनाली, नारकंडा, कुफ्री और धौलाधार के ऊंचे पर्वतीय इलाकों में मौसम की पहली बर्फबारी हुई।
शिमला में शुक्रवार को कहीं हल्की तो कहीं तेज बारिश हुई। कड़ाके की ठंड से किन्नौर में नाको झील जम गई है। हल्की बर्फबारी से शिमला में पर्यटकों को इस बार ‘व्हाइट क्रिसमस’ की आस जग गई है। मौसम विभाग ने प्रदेश के कई हिस्सों में अगले 24 घंटे के दौरान बारिश और बर्फबारी की संभावना व्यक्त की है।
पुणो के मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक, उत्तर भारत के पहाड़ी इलाकों में बारिश और तेज हवाएं चल सकती हैं।
नवविवाहिता जोड़े की मौत, 600 टूरिस्ट फंसे मनाली : भारी बर्फबारी के चलते 600 से अधिक पर्यटक रोहतांग में फंसे हुए हैं। उधर, आल्टो पलटने से दिल्ली के एक नवविवाहित जोड़े की मौत हो गई है। पुलिस और सीमा सड़क संगठन की रेस्क्यू टीम पहुंच गई हैं। पर्यटकों को निकाला जा रहा है। मढ़ी से रोहतांग के बीच 150 छोटे-बड़े वाहन फंसे हैं। पुलिस के मुताबिक हादसे की शिकार आल्टो में दिल्ली के नवविवाहित संजीव नेगी और उनकी पत्नी सवार थीं।