लखनऊ/मुंबई.
यशराज बैनर की फिल्म ‘आजा नच ले पर’ उत्तरप्रदेश सरकार ने रोक लगा दी है। शुक्रवार को यह फिल्म देशभर में रिलीज हुई। फिल्म के टाइटल सांग में जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल पर मायावती ने नाराजगी जताई है। मायावती ने प्रधानमंत्री को पत्र लिखकर देशभर में इस फिल्म पर पाबंदी लगाने की मांग की है। ताकि समाज में जातीय सौहार्द्र बना रहे।
हालांकि मायावती के आरोपों से फिल्म के संगीतकार सहमत नहीं हैं। उनका कहना है कि फिल्म में सामाजिक परिवेश के अनुसार शब्द आए हैं। उन पर फिल्मकार की ओर से कोई टिप्पणी नहीं की गई है। न ही इस तरह से फिल्मांकन हुआ है कि किसी जाति विशेष को निशाना बनाया गया हो। फिल्म के निर्देशक और निर्माता की ओर से इस संबंध में अभी तक कोई स्पष्टीकरण नहीं आया है। इससे फिल्म को यूपी में बड़े नुकसान की आशंका है।