News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़.
शुक्रवार सुबह, आसमान पर काले बादल, दिन का तापमान वीरवार के मुकाबले 4.4 डिग्री कम और बारिश के साथ सर्द हवाएं। लेकिन शाम होते-होते शहर के सर्द मिजाज को सेलिब्रिटीज की भीड़ गर्म कर चुकी थी।
शाम को पंचकूला में आईसीएल की शुरुआत ने लोगों को क्रिकेट की खुमारी में डुबो दिया। आईसीएल में स्पेशल परफॉर्मेस के लिए करीना कपूर शहर में थीं। साथ ही केंद्रीय रेल मंत्री लालू प्रसाद यादव भी ओपनिंग मैच देखने पहुंचे। उधर, एक्स्ट्रा इनिंग्स के बाद ग्लैमर वल्र्ड में पहचान बना चुकी मंदिरा बेदी भी एक शो रूम में नई कलेक्शन के लॉंच के लिए चंडीगढ़ में थी।
शाम तक समाजवादी पार्टी नेता अमर सिंह भी आईसीएल मैच का लुत्फ लेने पहुंच गए। कपिल देव समेत कई क्रिकेट सितारे पहले ही आईसीएल के लिए चंडीगढ़ में हैं। पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी ने शुक्रवार को जीसीजी-11 में करीब 500 स्टूडेंट्स के सवालों के जवाब दिए।
मौसम :
आसमान पर छाए बादलों ने शहर में नीचे की ओर गोता लगाते रात के तापमान को थाम लिया और कई दिनों के बाद रात का पारा 13.8 तक पहुंचा। अलबत्ता, शुक्रवार सुबह हुई बारिश और सर्द हवाओं के बाद शहर के अधिकतम तापमान में 4.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई। चंडीगढ़ में इस सीजन की पहली बारिश के बाद शहर का अधिकतम तापमान लुढ़ककर 22.6 डिग्री आ गया। इससे पहले वीरवार रात से शहर के आसमान पर छाए बादलों ने कुछ दिनों से कम हो रहे रात के तापमान को फिर बढ़ा दिया।
न्यूनतम तापमान 13 डिग्री रहा, जबकि पिछली रात यह 7.8 डिग्री तक लुढ़क चुका था और चंडीगढ़ की रातें शिमला से भी सर्द हो चुकी थीं। मौसम विभाग के अनुसार वेस्टर्न डिस्टरबेंस और अपर एयर साइक्लोनिक सकरुलेशन की वजह से चंडीगढ़ में बारिश हुई है।
पड़ सकता है कोहरा :
आने वाले दिनों में अगर हिमाचल के ऊंचे ईलाकों में बर्फबारी होती है और फिर मौसम साफ हो गया तो चंडीगढ़ के साथ दूसरे मैदानी इलाकों में कोहरा पड़ सकता है।