News
Metros
Chandigarh Chandigarh चंडीगढ़. यूटी हेल्थ डिपार्टमेंट के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर, सेक्टर-22 में एसएमओ रह चुके और हरियाणा कैडर के रिटायर डॉक्टर बीडी चुघ ने अपनी नौकरानी के साथ बलात्कार करने की कोशिश की। उस समय नौकरानी घर पर अकेली थी। इसकी शिकायत पुलिस को दे दी गई है। घटना स्थल पर सेक्टर-39 के एसएचओ भी पहुंचे।
नौकरानी का आरोप :
22 वर्षीय नौकरानी ने आरोप लगाया कि शाम को साढ़े 5.30 बजे डॉ. चुघ ने घर की घंटी बजाई। नौकरानी टॉप फ्लोर पर अपने कमरे में थी, इसलिए वह नहीं आई। थोड़ी देर में डॉ. चुघ खुद ही ऊपर आ गए और उसे चाय बनाने के लिए ग्राउंड फ्लोर पर कमरे में साथ ले गए। जहां पर उन्होंने जबरन नौकरानी के कपड़े उतार दिए और उससे बलात्कार की कोशिश करने लगे।
इतने में नौकरानी का पति खेमचंद आ गया, उसने डॉक्टर चुघ का दरवाजा खटखटाया पर उन्होंने कुंडी नहीं खोली। घबराए डॉक्टर नौकरानी को छोड़कर भाग खड़े हुए। इसकी सूचना नौकरानी के पति ने पुलिस को दे दी।
क्या कहते हैं डॉक्टर :
डॉ. बीडी चुघ का कहना है कि यह सभी आरोप निराधार हैं। मैं परिवार वाला हूं और जिस समय नौकरानी हादसे का आरोप लगा रही है उस समय मैं क्लीनिक में मरीज देख रहा था। बातचीत के दौरान पूछने पर उन्होंने कहा इस समय मैं घर नहीं आ सकता, मैं कहीं शादी पर बाहर आया हूं।
डॉ. चुघ के घर में रहती है नौकरानी :
डॉक्टर चुघ के सेक्टर-38 स्थित मकान नंबर 2313 के टॉप फ्लोर पर नौकरानी और उसका पति रहता है। अभी एक महीना पहले ही उन्होंने डॉक्टर चुघ के यहां काम करना शुरू किया। नौकरानी डॉ. चुघ के घर पर काम करती है, जबकि पति खेमचंद सेक्टर-23 में चौकीदारी का काम करता है।
घर में ही है क्लीनिक :
डॉ. चुघ ने मकान के पिछले बरामदे में एक कमरा बनाया हुआ है, जहां पर वह क्लीनिक चला रहे हैं। क्लीनिक की एंट्री भी साइड डोर से है। डॉ. चुघ की पत्नी शहर के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर हैं।
इस मामले में शिकायतकर्ता की शिकायत दर्ज कर रहे हैं। फिलहाल कार्रवाई जारी है। शिकायत के अनुसार ही आरोपी का मेडिकल भी करवाया जाएगा।
—राजेश शुक्ला, एसएचओ थाना सेक्टर-39