जोधपुर.
मारवाड़ की बेटी ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए चार्टर्ड एकाउंटेंट एंट्रेस एग्जाम में देशभर में पहला स्थान पाकर राजस्थान का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को घोषित सीएसीपीटी एंट्रेस परीक्षा परिणाम में जैसलमेर की गीतिका भाटिया ने 200 में से 185 अंक प्राप्त कर श्रेष्ठता साबित की। गीतिका ने जोधपुर केंद्र से परीक्षा दी थी।
सीएसीपीटी परीक्षा में 1347 अभ्यर्थियों में से 237 सफल रहे। जोधपुर के सिद्धार्थ माहेश्वरी, अभिषेक जिंदल, सौरभ शर्मा, नितिन और श्रीगोपाल कुमावत भी सफल अभ्यर्थियों में शामिल हैं। भास्कर से बातचीत में गीतिका ने बताया कि उन्होंने बगैर ट्यूशन ही तैयारी की थी। वे रोज सात से आठ घंटे पढ़ती थीं।
सफलता के लिए वह प्रतिदिन सात से आठ घंटे पढ़ाई करती थी।
‘जोधपुर ही नहीं, पूरे राजस्थान में सीए के प्रति माहौल बन गया है। इस फील्ड में अपार संभावनाएं व अच्छे पैकेज की उम्मीद है। द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड अकाउंटेट ऑफ इंडिया ने जोधपुर ब्रांच को कैंपस प्लेसमेंट के लिए भी अधिकृत कर दिया है। आने वाले समय में सीए विद्यार्थियों को और सुविधाएं मिलेंगी।’
- वीपी गोयल, सेकेट्ररी, द इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टेड एकाउंटेट ऑफ इंडिया जोधपुर शाखा
बगैर ट्यूशन बनी टॉपर
गीतिका मेरिट के प्रति आश्वस्त थी, लेकिन वह टॉप करेंगी, इस बारे में अनिश्चित थीं। उन्हें अपने भाई के जरिए परिणाम की जानकारी मिली। फोन पर मिली सूचना के बाद उनके घर में खुशी का माहौल है। वह अपनी इस सफलता का श्रेय मम्मी, पापा व बड़ी दीदी को देती हैं।
उनका मानना है कि कॉमर्स के छात्र-छात्राओं के लिए अवसरों की भरमार है। इस क्षेत्र में भी विद्यार्थियों के पास कई विकल्प हैं। नृत्य की शौकीन गीतिका नृत्य प्रतियोगिता में कॉलेज कंपीटिशन में टॉप रह चुकी है। वे ‘माधुरी दीक्षित’ की फैन हैं। इस सफलता की खुशी बांटने वह अपने फ्रेंड्स के साथ माधुरी की फिल्म ‘आजा नच ले’ देखने जाएंगी। पिता राजन भाटिया गीतिका की सफलता से खुश हैं। उन्होंने कहा, ‘मेरी बेटी ने जितनी लगन से मेहनत की उसका फल उसे मिला।’