मुंबई.देश में निजी क्षेत्र की कुछ एयरलाइनों ने सोमवार से फ्यूल सरचार्ज में 300 से 1,650 रुपए तक की बढ़ोतरी करने का फैसला किया है। इससे हवाई यात्रा और महंगी हो जाएगी।
जेट एयरवेज, किंगफिशर और स्पाइस जेट ने इस कदम की पुष्टि की है। इन तीनों एयरलाइनों ने एयर फ्यूल सरचार्ज में बढ़ोतरी का फैसला इंडियन आयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल द्वारा हवाई जहाज कर्े ईधन के मूल्य में साल में 9वीं बार बढ़ोतरी किए जाने के बाद किया है।
उधर, गोएयर और इंडिगो ने कहा है कि वे तेल कंपनियों द्वारा बढ़ाई गई कीमत के प्रभाव का मूल्यांकन कर रही हैं। उन्होंने इस बारे में अभी कोई फैसला नहीं किया है।
गौरतलब है कि जेट एयरवेज, किंगफिशर एयरलाइंस और स्पाइस जेट की जयपुर से क्रमश: 8, 7 और 4 उड़ानें प्रतिदिन संचालित होती हैं। इन एयरलाइंस की नई दिल्ली, मुंबई, बेंगलूर, गोवा, अहमदाबाद, हैदराबाद और चेन्नई के लिए उड़ानें हैं।