HomeNewsMetrosJaipur Jaipur

डेढ़ लाख करोड़ का निवेश

जयपुर. राज्य सरकार और फिक्की के सहयोग से आयोजित रिसर्जेट राजस्थान सहभागिता सम्मेलन में उद्यमियों और राज्य सरकार के बीच शुक्रवार को 1 लाख 55 हजार करोड़ के निवेश के लिए 242 सहमति-पत्रों पर हस्ताक्षर हुए। सर्वाधिक 13 हजार 500 करोड़ रु. का निवेश रिलायंस समूह करेगा। बिड़ला सभागार में दो दिवसीय सम्मेलन के उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे ने निवेशकों को प्रदेश में आने का न्यौता देते हुए कहा कि इन निवेशों से लाखों लोगों को रोजगार मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि हमारा सपना राज्य को अंग्रिम पंक्ति के राज्यों की श्रेणी में खड़ा करना है। इसी के मद्देनजर आधारभूत सुविधाओं के सृजन के साथ मानव संसाधन विकास को प्राथमिकता दी गई। राज्य में फरवरी 2004 के बाद कभी ओवरड्राफ्ट की स्थिति नहीं आई।

मुख्यमंत्री ने बताया कि तकनीकी क्षेत्र में बेहतर प्रशिक्षित लोग उपलब्ध कराने के लिए हर जिले में एक इंजीनियरिंग एवं एक पॉलीटेक्निक कॉलेज तथा हर खंड स्तर पर एक आईटीआई खोलने की दिशा में काम किया जा रहा है। मेगा हाइवे प्रोजेक्ट के तहत 1500 करोड़ की लागत से एक हजार किलोमीटर राज्य उच्च मार्गों के सुदृढ़ीकरण का कार्य हाथ में लिया।

चिकित्सा क्षेत्र में निजी निवेश को बढ़ावा दिया जा रहा है। इससे नारायण हृदयालय, फोर्टिस, बांबे हॉस्पिटल तथा रिलायंस जैसे बड़े समूह राज्य में आए हैं।

उद्योग मंत्री नरपतसिंह राजवी ने कहा कि अलवर, भिवाड़ी, नीमराना आदि प्रमुख औद्योगिक केंद्र के रूप में उभर रहे हैं। मुख्य सचिव डी.सी. सामंत ने कहा कि देश में आज राज्य आदर्श निवेश स्थल बन रहा है। आईसीआईसीआई बैंक के प्रबंध संचालक एवं मुख्य कार्यकारी अधिकारी के.वी. कामथ ने कहा कि वे जयपुर में उत्तर क्षेत्रीय हब स्थापित करने की संभावनाएं तलाशी जा रही हैं। जयपुर के अलावा हैदराबाद, गांधीनगर, भुवनेश्वर का चयन किया गया है। समारोह में कई मंत्री, अधिकारी और जनप्रतिनिधि शामिल थे।

ये टॉप टेन कंपनियां लगाएंगी पैसा रिलायंस इंडस्ट्रीज 13,500 करोड़

केयर्न एनर्जी 10,000 करोड़

आरएसके इंफ्रास्ट्रक्चर 10,000 करोड़

हिंदुस्तान जिंक लि. 6362 करोड़

सुजलोन गुजरात विंड पार्क 4910 करोड़

ग्रासिम इंडस्ट्रीज 4800 करोड़

ग्रासफील्ड फायर डवलपर्स 4000 करोड़

लेफार्ज इंडिया 2800 करोड़

इंटरनेशनल एम्यूजमेंट 2250 करोड़

फोर्टिस हैल्थकेयर 1200 करोड़





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: