HomeNewsRajasthanUdaipur Udaipur

सीजेएम का थाने पर छापा

उदयपुर. मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट बृजेंद्रकुमार जैन शुक्रवार को अंबामाता पुलिस थाने का अचानक निरीक्षण करने पहुंच गए। इससे वहां मौजूद पुलिसकर्मी हक्के-बक्के रह गए। मौके पर उन्हें आठ जने अवैध रूप से हिरासत में बंद मिले।

यह थाना पिछले सप्ताह घोषित सर्वश्रेष्ठ थानों में राज्य में तीसरा एवं रेंज में प्रथम रहा है। जैन को इस थाने के संबंध में लंबे समय से अवैध हिरासत में रखे जाने की शिकायतें मिल रही थीं। हालांकि थाना प्रभारी ने किसी को भी अवैध हिरासत में रखने की बात से इनकार किया है।

जैन ने थाने का दोपहर डेढ़ से सवा दो बजे के बीच निरीक्षण किया। इसमें आठ जने अवैध रूप से हिरासत में बंद मिले। उनको केवल अंडरवियर व बनियान में बैरक में डाल रखा था तथा एक को हथकड़ी लगा रखी थी। सीजेएम जैन ने उन्हें बैरक से बाहर निकलवाया और बयान दर्ज किए तथा अपने मोबाइल से उनकी फोटो ली। निरीक्षण के दौरान ही डीएसपी सुधीर जोशी, प्रशिक्षु डीएसपी मोहेश चौधरी व थाना प्रभारी भगवतसिंह हिंगड़ थाने पहुंचे। जैन ने उनसे रोजनामचा रपट तलब की, लेकिन वे पेश नहीं कर पाए।

कौन थे अवैध हिरासत में :

महावतवाड़ी का मोहम्मद हुसैन पुत्र अल्लामुद्दीन। उसे 16 दिन पूर्व रात में सोते हुए घर से उठाया था। नागानगरी का चमनलाल पुत्र मांगीलाल गमेती। 13 दिन पूर्व दोस्त के घर से रात में सोते हुए को उठाया। नागरवाड़ी का दिनेश पुत्र बालूसिंह राजपूत हथकड़ी में। भूताला तालाब से दस दिन पहले हिरासत में लिया। गायरियावास का मनोज कुमार पुत्र गिरिजाशंकर मेनारिया व सेक्टर चार का वीरेंद्र पुत्र किशनलाल सेन। प्रशिक्षु डीएसपी मोहेश चौधरी 18 नवंबर को गाड़ी में डाल लाए थे।

सब्जीमंडी का जयप्रकाश पुत्र शंकरलाल सालवी। 29 नवंबर की शाम अभियुक्त की पहचान कराने के बहाने थाने लाया गया। भुवाणा का गणोश पुत्र बाबूलाल सिंधी। 29 नवंबर को उठाकर थाने में बंद किया। एकलव्य कॉलोनी का गणपतसिंह पुत्र भंवरसिंह राजपूत। 19 नवंबर को भूताला तालाब से हिरासत में लिया।

बिना गिरफ्तारी एक भी मुल्जिम थाने में बंद नहीं है।

-भगवतसिंह हिंगड़, थाना प्रभारी

पूछताछ के बहाने मारपीट अवैध हिरासत में बंद लोगों ने जैन को बयान में बताया कि उन्हें थाने में बंद करने के बाद से मारपीट भी की जा रही है। न तो उनके परिजनों को हिरासत में लेने की सूचना दी गई और न ही कोर्ट में पेश किया गया। एकमात्र दिनेश को 18 नवंबर को पेश किया गया।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: