News
International International इस्लमाबाद.
अब तक कदम-कदम पर अमेरिका के साथ वफादारी निभा रहे परवेज मुशर्रफ को भी असलियत धीरे-धीरे समझ में आने लगी है। मुशर्रफ ने एक इंटरव्यू में खुलकर कहा कि पाकिस्तान के बिगड़ते हालातों के लिए अमेरिका ही दोषी है। उन्होंने कहा है कि अगर आम चुनाव के बाद भी स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो अस्वीकार्य परिस्थितियों को देखते हुए वह अपना पद छोड़ देंगे।
अमेरिकी चैनल को दिए इंटरव्यू में मुशर्रफ ने कहा कि पाकिस्तान में मौजूदा राजनीतिक संकट के लिए बहुत हद तक अमेरिका और पश्चिमी देश भी जिम्मेदार हैं। पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी की अध्यक्ष बेनजीर भुट्टो के साथ सत्ता समझौते की प्रगति के बारे में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि मेरी किसी के साथ इस तरह की कोई बातचीत नहीं चल रही है।
मुशर्रफ ने कहा कि हमारा तात्कालिक मकसद स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराना है। इसके बाद देखेंगे कि चीजें कैसे आगे बढ़ती है। उन्होंने कहा कि अगर ऐसे हालात बने जो मेरे लिए स्वीकार्य नहीं हुए तो मैं अपना पद छोड़ना पसंद करूंगा।
पाकिस्तान की धरती से अलकायदा और तालिबान के आतंकियों को निकालने में असफल रहने के बारे में पूछे जाने पर मुशर्रफ ने कहा कि अमेरिका को इस जंग में नाकामी के लिए उसकी अपनी नीतियों की भी जिम्मेदारी स्वीकार करना चाहिए। उन्होंने कहा कि अमेरिका को इस लड़ाई में बार-बार नीतियों में बदलाव के कारण अपेक्षित परिणाम नहीं मिल सके।