मुंबई.विदेशी मुद्रा भंडार के मामले में भारत एशिया में तीसरे और विश्व में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
रिजर्व बैंक की तरफ से जारी विदेशी मुद्रा भंडार के आंकड़ों के मुताबिक देश में इसका सुरक्षित भंडार एक हफ्ते पहले की तुलना में एक अरब 13 करोड 30 लाख डालर और बढ़कर 272 अरब 28 करोड़ 10 लाख डालर के नए स्तर तक पहुंच गया।
सोलह नवंबर को समाप्त हुए सप्ताह में इस मद में 271 अरब 14 करोड़ 80 लाख डालर और पिछले साल 24 नवंबर को 172 अरब 78 करोड़ 20 लाख डालर के बराबर राशि थी।
विश्व में भारत से अधिक विदेशी मुद्रा वाले देशों में चीन 1434 अरब डालर, जापान 954 अरब डालर, रूस 460 अरब डालर का स्थान है। विश्लेषकों का मानना है कि डालर के मुकाबले रुपये की मजबूती को रोकने के लिए रिजर्व बैंक के विनिमय बाजार में हस्तक्षेप से विदेशी मुद्रा भंडार में बढ़ोतरी हुई है।
आंकड़ों के मुताबिक इस दौरान विदेशी मुद्रा परिसंपत्तियां पहले के 262 अरब 90 करोड़ 10 लाख डालर से बढ़कर 264 अरब तीन करोड़ दस लाख डालर पर पहुंच गई। पिछले साल आलोच्य अवधि में यह राशि 166 अरब छह करोड़ 10 लाख डालर थी।