नई दिल्ली . सपा की राज्यसभा सदस्य जया बच्चन ने शनिवार को आरोप लगाया कि कर अधिकारी ऐश-अभिषेक की शादी के खर्च का ब्योरा मांगकर उनके परिवार को परेशान कर रहे हैं। जया ने यह शिकायत अनुदान की अनुपूरक मांगों से संबंधित एक बिल को संसद की मंजूरी संबंधी चर्चा के दौरान की।
जया के मुताबिक, ‘मुझे टैक्स अधिकारियों से बेटे अभिषेक के विवाह में ब्यूटी पार्लर और पुष्प सज्जा के खर्च का ब्योरा देने के नोटिस मिले हैं।’ उन्होंने आरोप लगाया कि लोगों को बच्चों की शादी में हुए खर्च को लेकर सेवा कर के नाम पर परेशान किया जा रहा है।
जद-यू प्रमुख शरद यादव और सपा के ब्रजभूषण तिवारी ने बच्चन का यह कहकर समर्थन किया कि सरकार टैक्स के नाम पर लोगों को चुन-चुनकर निशाना बनाने की नीति अपना रही है।