जयपुर. सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र को अपना कॅरिअर बनाने की सोच रहे प्रदेश के युवाओं के लिए यह अच्छी खबर है। अब उन्हें जॉब के लिए राज्य से बाहर जाना नहीं पड़ेगा। आईटी सेक्टर की कई नामी कंपनियां अब प्रदेश में अपनी इकाइयां लगाने जा रही हैं और स्थानीय स्तर पर ही वे अपनी पसंद के कर्मचारी चुन सकेंगी।
आईटी कंपनियों के आकलन के अनुसार जयपुर में अगले एक साल के भीतर लगभग 25000 नए पद तैयार होने जा रहे हैं। जिन कंपनियों को इन युवाओं की जरूरत होगी उनमें इंफोसिस, टेक महिंद्रा, विप्रो, जेनपैक्ट, डाटा इंफोसिस और वाटिका आईटी सेज शामिल हैं। आईसीआईसीआई बैंक उत्तर भारत में अपना हब जयपुर में बनाने जा रही है, वहीं डॉयशे बैंक का बैक आफिस भी यहीं बन रहा है।
इन्फोसिस टेक्नॉलोजी के एचआरडी प्रमुख एम.डी. पाई ने कहा कि जयपुर अब सूचना एवं प्रौद्योगिकी क्षेत्र में प्रमुख स्थान बन रहा है। यहां अगले एक साल में आईटी क्षेत्र से दस हजार लोगों को रोजगार मिलेगा।
सेज पूरा होने पर सत्तर हजार जॉब
* महिंद्रा आईटी सेज में इंफोसिस, विप्रो, टैक महिंद्रा, डॉयशे बैंक जैसी बड़ी कंपनियां काम करने आ रही हैं। जब यह सेज पूरा हो जाएगा, तो यहां 70 हजार से अधिक आईटी जॉब उपलब्ध हो सकेंगे।
—आशीष माथुर, हैड (मार्केटिंग) महिंद्रा वल्र्ड सिटी
जयपुर अब आईटी सिटी
* मैं 10 साल जयपुर से बाहर रहा। चार साल पहले जब मुझे जेनपैक्ट की कमान संभालने के लिए जयपुर जाने को कहा गया तो मुझे आश्चर्य हुआ कि क्या मेरा अपना शहर इतना आगे बढ़ चुका है। अब पिंकसिटी को ‘आईटी सिटी’ कहने में मुझे कोई हिचक नहीं है।
—दिवाकर सिंघल, वाइस प्रेसीडेंट, जेनपैक्ट, जयपुर