भोपाल. मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के साले संजय सिंह शनिवार को अचानक नेता प्रतिपक्ष जमुनादेवी से मिलने उनके घर पहुंचे। बताया जाता है कि उन्होंने
कांग्रेस में आने और बालाघाट से कांग्रेस टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़ने की इच्छा जताई है।
यह नाटकीय घटनाक्रम पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह द्वारा श्री चौहान पर उनके साले का नाम लिए बगैर हमला बोलने के अगले दिन सामने आया। इस मुलाकात की नेता प्रतिपक्ष ने पुष्टि की है, लेकिन उन्होंने बातचीत का ब्यौरा देने से इनकार कर दिया। नेता
प्रतिपक्ष के नजदीकी सूत्रों ने बताया कि श्री सिंह शनिवार को दोपहर 12 बजे श्री चौहान के 74 बंगले स्थित निवास से निकले और सीधे नेता प्रतिपक्ष से मिलने उनके कक्ष में चले गए। दोनों के बीच लगभग एक घंटे चर्चा हुई। सूत्रों ने बताया कि संजय सिंह ने नेता प्रतिपक्ष को शिवराज कैबिनेट के कई मंत्रियों के भ्रष्टाचार के बारे में बताया। इतना ही नहीं श्री सिंह ने उन्हें अपने बहनोई (सीएम) के एक व्यवसायी मित्र के बारे में गोपनीय जानकारी भी दी।
इस चर्चा के बाद उन्होंने कहा कि वे कांग्रेस में आने के इच्छुक हैं और बालाघाट से लोकसभा चुनाव लड़ना चाहते हैं। इस पर नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि पहले वे कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करें फिर पार्टी हाईकमान से संपर्क साधें। प्रदेश स्तर पर उनसे जो मदद होगी, वे करेंगी।
दैनिक भास्कर से चर्चा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि संजय सिंह शनिवार को दो साल में दूसरी दफे उनसे मिलने आए थे, लेकिन उनके इस तरह आने से वे खुद आश्चर्यचकित हैं। खासतौर से ऐसे समय में जब वे सीएम के खिलाफ डंपर मामले को जोर-शोर से उठा रहीं हैं।
कांग्रेस की राजनीति में इसे सीएम के परिवार की फूट या सोची समझी चाल के रूप में देखा जा रहा है। राजनीतिक प्रेक्षकों का मानना है कि अगर संजय सिंह कांग्रेस में चले जाएं तो मप्र में मुख्य विपक्षी दल कांग्रेस मुद्दा विहीन हो जाएगी। वह न तो संजय के नाम पर श्री चौहान को निशाना बनाएगी और न ही सीएम के खिलाफ इतनी मुखर हो पाएगी।
दूसरी तरफ संजय सिंह ने भास्कर से चर्चा में बताया कि वर्तमान में वे किसी राजनीतिक दल के सदस्य नहीं है, लेकिन बालाघाट में उन्होंने सार्वजनिक जीवन में काम करके अपनी अलग पहचान बनाई है। इसे देखते हुए भाजपा, कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी ने उन्हें अगला लोकसभा चुनाव लड़ने का प्रस्ताव दिया हैं, लेकिन अभी उन्होंने इस बारे में कुछ तय नहीं किया है। समय आने पर वे अपने फैसले से दैनिक भास्कर को अवगत करा देंगे। गौरतलब है कि श्री संजय वर्तमान में मप्र स्काउट एवं गाइड के स्टेट कमिश्नर हैं।