कोलकाता.भारत और पाकिस्तान के बीच कोलकाता के ईडेन गार्डेन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन पाकिस्तान पर फॉलोऑन का खतरा मंडरा रहा है। लंच तक पाकिस्तान के पांच शीर्ष बल्लेबाज 154 रन बनाकर पेवेलियन लौटे। मिसबाह-उल-हक 35 और कामरान अकमल 2 रन बनाकर खेल रहे हैं।
पाकिस्तान को फॉलोऑन से बचने के लिए 263 रन और बनाने हैं जबकि उसके पांच विकेट अभी बाकी है। इससे पहले आज पाकिस्तान ने कल के स्कोर एक विकेट पर 50 रन से आगे खेलना शुरू किया लेकिन भारतीय गेंदबाजों के आगे पाकिस्तानी बल्लेबाजों की एक न चली और वे एक-एक कर विकेट गंवाते गए।
सलमान बट्ट के रूप में पाकिस्तान का दूसरा विकेट गिरा। सलमान हरभजन की गेंद पर द्रविड़ के हाथों लपके गए। सलमान बट्ट ने 42 रन बनाए। इसके बाद मोहम्मद यूसुफ 6 रन बनाकर हरभजन की गेंद पर बोल्ड हो गए। यूनुस खान के रूप में पाकिस्तान ने चौथ विकेट खोया। यूनुस 43 रन बनाकर मुनफ पटेल की गेंद पर आउट हुए।
इसके बाद फैजल इकबाल बगैर खाता खोले कुंबले का शिकार बने। फैजल एलबीडब्ल्यू आउट हुए। इससे पहले भारत ने कल पहली पारी में पांच विकेट के नुकसान पर 616 रन बनाकर पारी घोषित कर दी थी। कल पाकिस्तान ने पारी की शुरुआत में ही यासीर हामिद का विकेट खो दिया था।