कोलकाता:खेल के अंतिम क्षणों में हरभजन सिंह ने पाकिस्तान के विकेट कीपर कमरान अकमल का विकेट लेकर भारतीय खेमें में फिर से उम्मीदें जगाईं। स्टंप पर पाकिस्तान ने 6 विकेट पर 358 रन बना लिए थे। मिसबाह 108 और सामी 0 पर अविजित थे। अभी भी फॉलोआन टालने के लिए पाक को 59 रन बनाने हैं।
खेल के तीसरे दिन के हीरो कमरान अकमल और मिसबाह उल हक ही रहे। दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 207 रनों की भागीदारी हुई। उन्होंने लंच के बाद के खेल से लेकर बिलकुल अंतिम समय तक विकेट संभाले रखा। कमरान अकमल ने 113 रन की यादगार पारी खेली।
एक समय पांच विकेट 150 रनों पर खोकर संघर्ष कर रही पाक टीम को मिसबाह और अकमल ने न सिर्फ उबारा, बल्कि भारतीय आक्रमण के दबाव को भी हताश कर दिया। अकमल ने पहले शतक पूरा किया। उन्होंने भारतीय स्पिन आक्रमण के खिलाफ ज्यादा ही आजादी से स्ट्रोक खेले। वे 197 गेंदों पर 114 रन बनाकर खेल रहे थे। इसमें उन्होंने 19 चौके लगाए। दूसरी ओर मिसबाह ने समझभरी पारी खेलते हुए अपने शतक के लिए 181 गेंदों का सामना किया। वे 184 गेंदों पर 104 रन बनाकर अविजित थे। कुल मिलाकर मिसबाह और अकमल ने इस मैच को ड्रॉ की ओर मोड़ दिया है। भारत को यहां जीत दर्ज करने के लिए कुछ विशेष करना होगा।