जयपुर. मौसम में हुए अचानक परिवर्तन से रविवार को समूचा उत्तर-पूर्वी राजस्थान कोहरे की चपेट में आ गया। पूरे प्रदेश में सुबह कोहरा छाया रहा। कुछ इलाकों
दिनभर रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही, वही कुछ जगहों पर तेज बरसात हुई। दौसा में चने के आकार के ओले गिरने की खबर है। बारिश के कारण राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान में एक से डेढ़ डिग्री गिरावट दर्ज की गई।
शेखावाटी भीगा : झुंझुंनू के पिलानी, बुडानिया, मंड्रेला व अन्य क्षेत्रों के साथ ही चूरू, रतनगढ़ व सुजानगढ़ में भी बरसात हुई। सीकर में सुबह कोहरा छाया रहा।
अजमेर-कोटा में तेज बारिश: अजमेर व किशनगढ़ क्षेत्र में तेज बरसात हुई। दिनभर बादल छाए रहे। दोपहर में कुछ इलाकों में बूंदाबांदी हुई, लेकिन शाम चार बजे के करीब मौसम पलट गया। तेज गर्जना के साथ हुई तेज बरसात ने पूरे शहर को तरबतर कर दिया। मौसम विभाग ने अजमेर में 8.9 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। उदयपुर संभाग में शनिवार रात्रि से ही बूंदाबांदी शुरू हो गई थी। कोटा में दिनभर रुक-रुक कर बरसात हुई।
दौसा में ओले
दौसा क्षेत्र में कहीं-कहीं चने व बेर के आकार के ओले भी गिरे। यहां दोपहर से ही रिमझिम शुरू हो गई थी। यह दौर शाम तक चलता रहा। इस दौरान चने के आकार के ओले भी गिरे, जिससे किसानों ने फसल में नुकसान होने की आशंका जताई है।
बारिश से फसल को फायदा
रविवार को प्रदेश में हुई बारिश रबी की फसलों के लिए फायदेमंद हैं। सबसे ज्यादा फायदा गेहूं की फसल में होगा। कृषि उप निदेशक अतरसिंह मीणा ने बताया कि इस बारिश से किसी भी फसल में नुकसान नहीं होगा। इसके साथ ही प्रदेश के किसानों के अनुसार इस बरसात के बाद गेहूं की फसल में कोरबें की आवश्यकता नहीं होगी।