News
Chhattisgarh
Raipur Raipur जगदलपुर/दंतेवाड़ा. सुकमा ब्लाक के गादीरास साप्ताहिक बाजार में रविवार सुबह 9.30 बजे नक्सलियों ने पुलिस सहायक उपनिरीक्षक और एक हवलदार पर धारदार
हथियारों से हमला ाकर एके-47 और एक 303 राइफल लूट ली। हमले में बुरी तरह से घायल हवलदार चमरूराम मोहंती (56) की मौके पर ही मौत हो गई। बुरी तरह से घायल एएसआई शिवदयाल सलाम (52) को उपचार के लिए हेलिकाप्टर से जगदलपुर लाया गया है।
एएसआई सलाम ने बताया कि उनकी डच्यूटी बाजार में लगी थी। 11 जवान उनके साथ थे। सलाम एक दुकान में रुककर सब्जी रखने के लिए टिफिन देखने लगे। उनके साथ चमरूराम महंती भी था। इसी बीच ग्रामीणों की वेशभूषा में बाजार में पहुंच गए 15-20 नक्सलियों ने टिफिन खरीद रहे दोनों पुलिसकर्मियों पर हमला कर दिया। नक्सलियों के पास कुल्हाड़ी, फरसा, बंडा और गुप्ती जैसे हथियार थे। सलाम और मोहंती को संभलने का मौका दिए बिना नक्सलियों ने उन पर लगातार कई वार किए और हथियार लूटकर भाग खड़े हुए। नक्सलियों को धक्का देकर किसी तरह सलाम वहां से भागते हुए 200 मीटर दूर गादीरास थाने पहुंचे।
सलाम ने बताया कि उनके कुछ साथी जवान भी मदद के लिए वहां पहुंचे थे, लेकिन तब तक नक्सली ग्रामीणों की भीड़ में गायब हो चुके थे। सलाम को सुकमा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद हेलिकाप्टर से जगदलपुर लाया गया। महारानी अस्पताल में उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। सलाम के शरीर में जगह-जगह घाव हो गए हैं।