लुधियाना. मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने कहा, एसजीपीसी द्वारा श्री हरमंदिर साहिब के अजायबघर में भिंडरांवाला का चित्र लगाए जाने से राज्य में अमन को कोई खतरा नहीं है। उन्होंने कहा कि भिंडरांवाला समर्थकों द्वारा लुधियाना में तलवारें लहराने से किसी को डरने की जरूरत नहीं हैं। पूर्व सांसद लाला लाजपत राय के निधन पर रविवार को उनके घर संवेदना व्यक्त करने के बाद बादल ने लुधियाना, पटियाला और संगरूर जिलों की रैडक्रास सोसायटियों में हुए घपलों की जांच डिवीजनल कमिश्नर से करवाने की घोषणा की।
सुनामी, गुजरात भूकंप और उड़ीसा के तूफान पीड़ितों की मदद के लिए इकट्ठी की गई राशि से लाखों रुपए के ऐशोआराम के सामान खरीदे जाने से वे दुखी हैं। उन्होंने कहा, रैडक्रास की राशि का दुरुपयोग करने वाले अधिकारी बख्शे नहीं जाएंगे।
माहौल बिगड़ेगा : अमरिंदर पटियाला. श्री दरबार साहिब में भिंडरांवाला की तस्वीर लगाने पर अमंिरंदर सिंह ने कहा, यह माहौल खराब करने का एक पैंतरा है। राज्य के हालात को शिअद के लोग पहले ही डेरा सच्च सौदा विवाद से खराब कर चुके हैं। अब ये भिंडरांवाला का महिमामंडन करने में लगे हैं।