अजमेर. मुंबई पुलिस के दल ने कत्ल के मामले में रविवार को तीन युवतियों को किशनगढ़ से धरदबोचा। ये सभी युवतियां अनैतिक कार्र्यो में लिप्त हैं। पुलिस को कल्याण इलाके में डेढ़ महीने पहले हुए महिला के कत्ल के मामले में इन सभी की तलाश थी। दल इन युवतियों को लेकर मुंबई रवाना हो गया है।
क्लॉक टावर पुलिस के अनुसार मुंबई क्राइम ब्रांच के सब इंस्पेक्टर के नेतृत्व में चार पुलिसकर्मियों का दल हत्या के मामले में अभियुक्त जीवनलाल को लेकर अजमेर आया था। उसकी सूचना पर दल ने किशनगढ़ से रूपा, सपना और हलीमा उर्फ सीमा को पकड़ा। ये तीनों करीब डेढ़ महीने पहले मुंबई के कल्याण इलाके में अनैतिक कार्य करतीं थीं। इस कारोबार से जुड़ी एक महिला का कत्ल हो गया था। इस वारदात के बाद तीनों युवतियां मामले के अभियुक्त जीवन के साथ अजमेर आ गई थीं।
उसने युवतियों का अनैतिक कार्यों से जुड़े लोगों से सम्पर्क करवा दिया था। करीब डेढ़ महीने से युवतियां अजमेर व किशनगढ़ में रह रही थीं। आठ दिन पहले जीवन मुंबई पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
उसके बयान के आधार पर पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर लिया। इनके एक साथी की तलाश में पुलिस ने तारागढ़ रोड स्थित मकान पर दबिश दी, लेकिन सफलता नहीं मिली। मुंबई पुलिस ने कार्रवाई में रामगंज और क्लॉक टावर थाने से इमदाद मांगी थी। क्लॉक टावर एसआई वीरेन्द्र सिंह ने कार्रवाई की पुष्टि की है।