bhaskar Web English
HomeNewsRajasthanBikaner Bikaner

‘बज चुका है सरकार को अपदस्थ करने का बिगुल’

बीकानेर. पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा है कि भाजपा सरकार तो अपनी उपलब्धियां आठ दिसंबर को गिनाएगी लेकिन प्रदेश की जनता बहुत पहले ही बिगुल बजा चुकी है। यह इस सरकार का विदाई समारोह होगा। जनता इस सरकार को अपदस्थ करने का मन बना चुकी है।

गहलोत ने बीकानेर में पत्रकारों से बातचीत में यह कहा। तीसरे मोर्चे की संभावना को पूरी तरह से खारिज करते हुए उन्होंने कहा कि राजस्थान में एकमात्र विकल्प कांग्रेस है और इस प्रदेश की जनता इतनी समझदार है कि उसके लिए सोसियल इंजीनियरिंग मुद्दा नहीं बनेगा। उन्होंने तीसरी शक्ति के ध्रुवीकरण को राजनीतिक शगूफा बताते हुए कहा कि यूपी में हालात दूसरी तरह के थे, यहां ऐसा कुछ भी नहीं है।

राजस्थान की जनता जानती है कि बेमेल और नापाक गठबंधन ज्यादा नहीं चलते। गहलोत ने कहा कि राजस्थान में भाजपा ने जैसा कुशासन दिया है, उसकी कल्पना किसी ने नहीं की थी। विकास के नाम पर कुछ नहीं और अधिकार मांगने पर लाठियां और गोलियां देने वाली इस सरकार पर भ्रष्टाचार हावी रहा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने कभी भी अपनी भूमिका में हिंसा को स्थान नहीं दिया। कांग्रेस ने हमेशा रचनात्मक विपक्ष की भूमिका अदा की और लगातार धरना व प्रदर्शन करके अपना विरोध दर्ज कराया।

विधानसभा में भी कांग्रेस ने सवाल पूछने में कोई कसर नहीं उठाई लेकिन यह सरकार न तो अपने मंत्रियों की सुनती है और न ही विपक्ष की। पहली बार ऐसी सरकार को देखा है जो परवाह ही नहीं करती कि छपा क्या है। प्रदेश में एक ऐसा तानाशाह कुनबा शासन कर रहा है जिसकी कारस्तानियों का खमियाजा जनता भुगत रही है। मंत्रिमंडल के बीच विवाद नई बात नहीं है लेकिन ऐसी स्थिति में या तो मुख्यमंत्री का इस्तीफा होता है या मंत्री इस्तीफा देते हैं लेकिन यहां कुनबा लड़ रहा है। आपस में एक-दूसरे पर आरोप लगा रहा है और सरकार भी चल रही है।

राजस्थान में निवेश के सवाल पर उन्होंने कहा कि अगर ऐसा होता है तो यह स्वागत की बात है लेकिन अभी ये प्रक्रिया संदेह के घेरे में है। भाजपा ने इसे अपने घोषणा-पत्र में शामिल किया था लेकिन चार साल बाद लागू करने की याद आई है। सच्चई यह है कि इसमें निवेश नहीं हो रहा है। कोई किसी के साथ कमिटमेंट नहीं कर रहा है।

उन्होंने कहा कि राज्य का वित्तीय प्रबंधन का दावा ढकोसला है। केंद्र सरकार की प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, सर्वशिक्षा अभियान, मिड-डे-मील, राजीव गांधी ग्रामीण विद्युतीकरण योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना से राज्य सरकार अपना काम चला रही है। एक भी विकास का काम सरकार ने अपने कार्यकाल में नहीं किया है।

कल्लाजी का सदुपयोग..
अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव और पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत रविवार को उस वक्त जोर से हंस पड़े जब उनसे डॉ. बी.डी.कल्ला के सदुपयोग के संबंध में सवाल किया गया।

पत्रकार वार्ता के बीच में उठे इस सवाल को सुनते ही गहलोत हंसे और फिर डॉ. कल्ला की ओर हाथ बढ़ाते हुए कहा कि कल्लाजी का सदुपयोग ही हो रहा है, आपको क्या लगता है। बाद में उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा पार्टी के आधार पर चुनाव लड़ती है, कभी मुख्यमंत्री का नाम प्रोजेक्ट नहीं करती। राजस्थान के लिए मैं एक कार्यकर्ता की हैसियत से हमेशा तैयार हूं। अगर मुझे कहा जाएगा तो राजस्थान में काम करने में मुझे कोई दिक्कत नहीं होगी।

उन्होंने कहा कि कर्मचारी कांग्रेस से नाराज नहीं है क्योंकि उस वक्त भी हमने कह दिया था कि अकाल से बेहाल लोग सरकार की प्राथमिकता है। इस मौके पर उनके साथ देहात कांग्रेस अध्यक्ष लक्ष्मण कड़वासरा, खादी बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष भवानीशंकर शर्मा भी थे।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: