News
Rajasthan
Shekhawati Shekhawati झुंझुनूं. किसी जरूरी काम में आपको अचानक पैसे की जरूरत पड़ गई तो आप क्या करेंगे.. ? अगर आपके पास एटीएम कार्ड है तो जाहिर है किसी नजदीकी एटीएम पर जाकर पैसे निकाल लेंगे। लेकिन आपको तब शॉक लगेगा जब रुपए गिनते समय कोई नकली नोट आपके सामने आएगा।
बैंक में जाकर इस संबंध में शिकायत करेंगे तो उल्टे आप ही दोषी करार दिए जाएंगे क्योंकि इसका कोई सबूत आपके पास नहीं है कि आपने पैसे एटीएम से निकाले हैं। एटीएम और बैंक में भी इसका कोई प्रमाण नहीं होता कि यह नोट एटीएम से निकाला गया है। एटीएम पैसे देकर और बैंक अधिकारी यह कहकर कि एटीएम से नकली नोट नहीं निकल सकता, अपनी डच्यूटी पूरी कर लेते हैं। गलती चाहे कहीं भी हुई हो लेकिन खामियाजा भुगतना पड़ा उस ग्राहक को जिसे नकली नोट मिला और बैंक द्वारा नहीं बदले जाने के कारण उतने रुपए की ही चपत लग गई। ऐसे और भी कई लोग जिले, राज्य और देशभर में मिल जाएंगे जो एटीएम से निकले नकली नोटों के मारे हैं।
झुंझुनूं जिले में ऐसे कई मामले सामने आए हैं, जब किसी ने एटीएम से पैसे निकाले और उनमें से कोई एक नोट नकली निकला है। इनमें सौ और पांच सौ रुपए के नोट शामिल हैं। इस्माइलपुर निवासी एवं जिला आयुर्वेद अधिकारी कार्यालय में एलडीसी राजेंद्र शर्मा ने बताया कि उन्होंने चिड़ावा स्थित एक एटीएम से रुपए निकाले तो उनमें पांच सौ रुपए का एक नोट नकली था। जब उन्होंने बैंक मैनेजर को इस बारे में अवगत कराया तो मैनेजर ने ऐसा नहीं होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया।
परिणाम .. राजेंद्र को एटीएम से मिले पांच सौ रुपए के नकली नोट का खामियाजा उसे ही भुगतना पड़ा। इसी तरह शहर के कृष्णकुमार जोशी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होने गोरखपुर गए थे। वहां पैसों की जरूरत पड़ने उन्होंने एटीएम से दो हजार रुपए निकाले। एटीएम से निकले नोटों में पांच सौ रुपए का एक नोट नकली था। बैंक अधिकारियों से मिलने पर उन्होंने ऐसा होना से साफ इनकार कर दिया। उल्टे कृष्णकुमार से कहा गया कि उनके पास कोई नकली नोट होगा जिसे चलाने के लिए वे उसे एटीएम से निकला हुआ बता रहे हैं। ये तो झुंझुनूं के कुछ पीड़ितों की दास्तान है। ऐसे मामले न केवल झुंझुनूं जिले में बल्कि राज्य और देशभर में हुए हैं और हो रहे हैं।
* ऐसा होना नहीं चाहिए क्योंकि एटीएम में डालने से पहले नोटों को पूरी तरह से चैक किया जाता है। फिर भी अगर ऐसा होता है तो यह बैंक सिस्टम फाल्ट है।
- जीएस शेखावत प्रबंधक एसबीबीजे शाखा
* कई बार ऐसा होता है कि लोगों के पास कोई नकली नोट आ जाए तो वे चलाने के चक्कर में एटीएम से निकला हुआ बता देते हैं ताकि बैंक से चेंज करवा सकें।
- अशोक गुप्ता, प्रबंधक, एसबीआई शाखा
* पहली बात तो ऐसा होता नहीं है। और अगर ऐसा होता है तो यह कैशियर और एटीएम ऑफिसर की नेग्लीजेंसी के कारण होता है। ग्राहक इसकी सूचना दें।
- सुग्रीवसिंह मीणा प्रबंधक, बीओबी गांधी चौक शाखा