जालंधर. जालंधर में शॉपिंग का ट्रेंड बदल रहा है। मेट्रो सिटीज की तर्ज पर यहां भी मॉल कल्चर बढ़ रहा है। लोग अब खरीदारी के लिए अलग-अलग मार्केट या दुकान जाने के बजाय एक ही छत के नीचे से घर का सारा सामान खरीदना पसंद कर रहे हैं।
मॉल में शॉपिंग करना एक ट्रैंड सा बन गया है, क्योंकि यह हर तरह से फायदे का सौदा है। शॉपिंग के लिए जगह-जगह घूमना और धूप में पसीना बहाने से अच्छा है सब कुछ एक जगह से खरीद लो। सिटी में विशाल मेगा मार्ट, वी मार्ट और सीएमएस बाजार ने लोगों की इस जरूरत को पूरा करते हुए उनके शॉपिंग स्टाइल को चेंज कर दिया है। ब्रांडेड चीजों के साथ चीजों में ऑफ और फैस्टीवल सीजन में डिस्काउंट मिलने के कारण भी सिटी के लोगों में इसकी अच्छी खासी डिमांड है।
कुछ के लिए टाइम पास
मॉल में ज्यादातर लोग शॉपिंग करने के लिए आते हैं, लेकिन इनमें कुछ ऐसे भी हैं जो टाइम पास के लिए यहां आते हैं। कॉलेज का ज्यादातर यूथ मॉल्स में अपने दोस्तों के साथ फ्री टाइम में गेड़ी लेने पहुंचता है।
सीएमएस बाजार के मैनेजर अभय ने बताया मैट्रो सिटीज की तरह जालंधर का कल्चर भी चेंज हो रहा है। लोगों के लाइफ स्टाइल में काफी तब्दीली आ रही है। मॉल्स के प्रति लोगों में रुझान बढ़ता जा रहा है, जिसके चलते आगे भी मॉल्स में कई चेंज आने की संभावना है।
सिटी के लोगों के मॉल्स के प्रति बढ़ते क्रेज को देखते हुए विशाल मार्ट के मैनेजर संजीव वशिष्ट ने बताया सिटी में मॉल कल्चर बहुत डिवैलप हो रहा है और आने वाले समय में 32 माल्स और खुलने की संभावना है।