नई दिल्ली.
टीम इंडिया के मुख्य चयनकर्ता के पद से दिलीप वेगसरकर जाना लगभग तय माना जा रहा है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई)ने चयनकर्ताओं के लिए जारी गाइडलाइंस पर वेंगसरकर की उस अर्जी को खारिज कर दिया जिसमें उन्होंने कहा कि कि बोर्ड गाइडलाइंस पर फिर से विचार करे। बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला ने कहा कि बोर्ड अपने गाइडलाइंस में कोई बदलाव नहीं करने जा रहा है और वेंगसरकर अपने फैसले के लिए स्वतंत्र हैं।
वेंगसरकर के करीबी सूत्रों के मुताबिक बोर्ड की तरफ तय गाइडलाइंस पर वेंगसरकार काम करने के मूड में नहीं हैं। उधर बोर्ड भी अपने रेवैये पर अड़ा हुआ है। ऐसे में वेंगसरकर का जाना लगभग तय है।
सूत्रों के मुताबिक बोर्ड ने तो अन्य विकल्पों पर विचार करना भी शुरू कर दिया है। इनमें पूर्व भारतीय क्रिकेटर और टीम के मैनेजर रहे चंदू बोर्डे और पूर्व टेस्ट क्रिकेटर अंशुमन गायकवाड़ का नाम लिया जा रहा है।
गौरतलब है वेंगसरकर बोर्ड की नीतियों से खफा थे। बोर्ड ने स्पष्ट निर्देश दिया था कि वे भारतीय टीम के मुख्य चयनकर्ता के पद पर रहते हुए अखबारों के लिए कॉलम नहीं लिख सकते। इसके बाद बोर्ड और वेंगसरकर के बीच तनातनी बढ़ गई थी।