हैदराबाद. आंध्रप्रदेश की राजधानी हैदराबाद के निलोफर सरकार अस्पताल में एक विधायक के समर्थकों द्वारा कथित तौर पर कुछ डाक्टरों से हाथापाई करने के विरोध में अस्पताल के जूनियर डाक्टरों की हडताल के कारण यहां छह बच्चों की मौत हो गई। जूनियर डाक्टरों के संघ जूडा ने करवान के विधायक अफसर खान के निलंबन की मांग करते हुये कल रात से हडताल शुरु कर दी ।
अस्पताल के एक वार्ड ब्वाय ने दावा किया कि इस दौरान छह बच्चों की मौत हो गयी हालांकि अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक नरसिंहराव ने संवाददाताओं से कहा कि रोजाना इस अस्पताल में सौ बच्चों का इलाज होता है जिनमें से हर पांच छह गंभीर मामलों को अलग अलग डाक्टर देखते हैं। सभी डाक्टर पूरी निष्ठा से अपनी डयूटी करते हैं।
उन्होंने कहा कि सभी डाक्टर नियमित रुप से अपना काम कर रहे हैं इसलिये जूनियर डाक्टरों की हडताल से अस्पताल के रोजाना के कामकाज पर कोई असर नहीं पडा है।उधर सरकार की तरफ से मामले की जांच का आश्वासन देने के बावजूद हडताली डाक्टरों और राज्य के स्वास्थ्य मंत्री जी अरुणा के बीच बातचीत विफल हो गई है।
जूनियर डाक्टर विधायक अफसर खान को तत्काल गिरफ्तार करने और डाक्टरों को सुरक्षा मुहैया करने की मांग कर रहे हैं। आरोप है कि इस विधायक के समर्थकों ने एक बच्चे के इलाज से इंकार करने के कारण अस्पताल के जूनियर डाक्टरों की पिटाई की थी।