मुंबई. केंद्र द्वारा एमबीबीएस कोर्स की अवधि एक साल बढ़ाए जाने के विरोध को तेज करते हुए मेडिकल छात्रों ने सोमवार को गांधीगीरी का रास्ता अख्तियार कर लिया।
महानगर के केम अस्पताल में आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री अंबुमणि रामादॉस के चित्र के नीचे संदेश लिखा गया 'गैट वैल सून' और मेडिकल छात्रों ने फिल्म लगे रहो मुन्नाभाई की तर्ज पर चित्र के सामने गुलदस्ते भी रख दिए।
एमबीबीएस की अवधि साढ़े पांच साल से बढ़ाकर साढ़े छह साल किए जाने का विरोध कर रहे महाराष्ट्र भर के मेडिकल छात्र केम अस्पताल के हड़ताली छात्रों के साथ आज मिल गए और इस कानून को लागू किए जाने से रोकने के लिए आवाज उठाई।
महाराष्ट्र मेडिकल स्टूडेंट्स एसोसिएशन के प्रवक्ता अनिरुद्ध पाटिल ने कहा कि हम हड़ताल को और तीव्र करने की योजना बना रहे हैं अगर केंद्र सरकार ने यह वादा नहीं किया कि यह विधेयक पेश नहीं किया जाएगा। छात्रों ने अपनी हड़ताल के दौरान गत शुक्रवार से लेक्चर और इंटर्नशिप का बहिष्कार कर दिया है।
गौरतलब है कि छात्र कह चुके हैं कि वे ग्रामीण इलाकों में छह महीने या साल भर के लिए काम करने के लिए तैयार हैं लेकिन इसके लिए कोर्स की अवधि न बढ़ाते हुए इसे साढ़े पांच साल की समयसीमा में ही शामिल किया जाना चाहिए।