HomeNewsChhattisgarhBilaspur Bilaspur

सर्द हवाओं ने ठिठुराया

बिलासपुर. हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होने के कारण राज्य में नमी का प्रवेश हो रहा है। नमी के चलते शहर में शुक्रवार का मौसम बदली से प्रभावित रहा। बदली के कारण धूप का प्रभाव जहां काफी कम था, वहीं दोपहर बाद चली सर्द हवाओं ने शहरवासियों को ठिठुरा दिया।

न्यूनतम तापमान में गिरावट नहीं आने एवं पारा सामान्य होने के बावजूद शुक्रवार को ठंड का प्रभाव अधिक महसूस किया गया। सुबह की धूप तो ठीक थी, लेकिन दस बजे के बाद बदली आने लगी, जिसका प्रभाव शाम तक रहा। धूप नहीं आने व प्रभाव कम रहने के कारण लोगों को ठंड से काफी परेशानी हुई।

दोपहर को धूप सेंकने वालों को घर के भीतर ही गर्म कपड़ों से काम चलाना पड़ा, वहीं स्कूल कालेज व कार्यालयों में भी कर्मचारियों को धूप नहीं मिली। दोपहर बारह बजे के बाद तेज हवाएं चल रही थीं, जो काफी सर्द थीं। दिन में भी लोगों को मफलर व स्कार्फ का सहारा लेना पड़ा।

ज्ञात हो कि मौसम बदलने से मौसमी बीमारियों का प्रकोप शहर में लगातार देखा जा रहा है। इससे बचने के लिए शहरवासी सारा इंतजाम करके ही बाहर निकल रहे हैं। मौसम विभाग रायपुर के तकनीकी निदेशक एमएल साहू ने बताया कि हवाओं की दिशा उत्तर-पूर्वी होने के कारण नमी के प्रवेश से राज्य में पिछले तीन-चार दिनों से बदली की स्थिति है।

इससे न्यूनतम तापमान में अधिक गिरावट तो नहीं होगी, लेकिन धूप का प्रभाव कम होने के कारण ठंड का असर तेज हो सकता है। शुक्रवार को पेंड्रा का न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेंटीग्रेड दर्ज किया गया। यह तापमान पेंड्रा का सामान्य तापमान है।

घर में भी जलने लगे अलाव :
सर्दी से अपने आपको बचाने के लिए शहर में अनेक घरों में रात को अलाव का आनंद लिया जाने लगा है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले घर के सदस्यों को बीमारी बचाने रात में अलाव की गर्मी दी जाती है। कुछ घरों में भोजन के दौरान भी अलाव जलाए जाने लगे हैं। इधर शहर में अनेक स्थानों पर नगर निगम का अलाव भी निमA तबके के लोगों एवं आने-जाने वालों को अलाव की सुविधा मुहैया करा रहा है। निगम के अलाव शहर के अनेक हिस्सों में देर रात तक लोगों को गर्मी दे रहे हैं।





अपने विचार यहां लिखें
नाम:
ईमेल आईडी:
भाषा चुनॆ
हिन्दी रॊमन‌ हिन्दी फॊनॆटिक English
विचार:
कोड: