News
Chhattisgarh
Bilaspur Bilaspur बिलासपुर. जिला पंचायत के सीईओ ने मरवाही और पेंड्रा ब्लाक के नौ पंचायत कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। इन पर सरकारी कार्य में लापरवाही बरतने का आरोप है।
जिला पंचायत द्वारा इन दिनों सभी पंचायतों के कामकाज का सालाना आडिट कराया जा रहा है। इसके तहत हरेक जनपद पंचायत में अलग-अलग दिन पंचायतों के कामकाज की जानकारी मंगवाई जा रही है। पिछले दिनों मरवाही और पेंड्रा में भी जिला पंचायत के अधिकारी गए थे। सभी पंचायतों को इस संबंध में पहले ही सूचित कर दिया गया था।
इसके बाद भी मरवाही जनपद के छह और पेंड्रा के तीन पंचायत कर्मी आवश्यक कागजात और जानकारी लेकर उपस्थित नहीं हुए। इस पर जिला पंचायत के सीईओ सिद्धार्थ कोमलसिंह परदेशी ने इन सभी को नोटिस जारी किया है।
इनमें मरवाही जनपद की ग्राम पंचायत बेलझिरिया व बगरार के पंचायत कर्मी प्रवीणचंद राय, लोहारी, बदरौड़ी के सुदामा प्रसाद चतुर्वेदी, मोहरा के रामसिंह, बंशीताल पंचायत के कन्हैयालाल चतुर्वेदी, टिकठी के रामनारायण चतुर्वेदी, घुम्माटोला के अनुजराम पोर्ते है। पेंड्रा जनपद की अमरपुर, नवांगांव पंचायत के केसरी प्रसाद सोनी, लाटा के आधार सिंह और पीथमपुर के शिवप्रताप सिंह शामिल हैं।
इन सभी को 10 दिन में जवाब देने को कहा गया है। समय-सीमा में जवाब न देने पर एकपक्षीय कार्रवाई की चेतावनी दी गई है। गौरतलब है कि इसके पहले गुरुवार को गौरेला ब्लाक के आधा दर्जन पंचायत सचिवों से आडिट न कराने की वजह से वित्तीय अधिकार छीन लिए गए और चार पंचायत सचिवों को नोटिस जारी किया गया है।
जिला पंचायत में आज सीईओ की बैठक में भी इस संबंध में सीईओ सिद्धार्थ कोमलसिंह परदेशी ने कामकाज में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों पर कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।